नोएडा फिल्म सिटी को मिला 1000 करोड़ का लोन, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
यमुना प्राधिकरण में प्रस्तावित इंटरनेशनल फिल्म सिटी के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है, विकासकर्ता कंपनी को 1000 करोड़ ...और पढ़ें
-1794584642834_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
फिल्म सिटी निर्माण के लिए 1000 करोड़ का ऋण मिला।
यमुना प्राधिकरण सीईओ ने काम जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
पहले चरण में 230 एकड़ में होगा विकास, लागत 1510 करोड़।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण में प्रस्तावित इंटरनेशनल फिल्म सिटी के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। विकासकर्ता कंपनी को निर्माण शुरू करने के लिए एक हजार करोड़ रुपये का ऋण मिल गया है। जल्द ही फिल्म सिटी का शिलान्यास होने की संभावना है। कंपनी को पिछले वर्ष ही भूमि आवंटित हो चुकी है।
शुक्रवार को यमुना प्राधिकरण (यीडा) के सीईओ आरके सिंह ने प्राधिकरण के सभागार में विकासकर्ता कंपनी बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर वित्तीय औपचारिकता (फाइनेंशियल क्लोजर) की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।
काम जल्द शुरू करने का आदेश
बैठक में फिल्म निर्माता बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के सीईओ आशीष भूटानी शामिल हुए। प्राधिकरण कंपनी को भूमि आवंटन से लेकर निर्माण के लिए मास्टर प्लान तक को मंजूरी दे चुका है, लेकिन मौके पर अभी तक काम शुरू नहीं हुआ। इस पर सीईओ ने नाराजगी जाहिर की और काम जल्द शुरू करने के आदेश दिए।
निर्माण के लिए मिला एक हजार करोड़ का लोन
उन्होंने कहा कि यदि कंपनी इसी माह में फाइनेंशियल क्लोजर का कार्य पूरा नहीं करती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कंपनी की ओर से बताया गया कि निर्माण के लिए एक हजार करोड़ रुपये का लोन मिल चुका है। इसके दस्तावेज भी दिखाए गए। अब कंपनी और प्राधिकरण के वित्तीय विभाग की बैठक होगी।
इसमें फाइनेंशियल क्लोजर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उम्मीद है कि अगले हफ्ते तक यह काम पूरा हो जाएगा। फिल्म सिटी का पहला चरण 230 एकड़ में विकसित होगा। इसमें से 155 एकड़ में फिल्म स्टूडियो, विश्वविद्यालय समेत अन्य गतिविधियां रहेंगी, जबकि शेष 75 एकड़ में व्यावसायिक गतिविधियां रहेंगी। पहले चरण के विकास में करीब 1,510 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका विकास बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स और भूटानी ग्रुप के संयुक्त उपक्रम बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।