यूपी में बसने जा रहा नया हाईटेक शहर, डिज्नीलैंड और यूनिवर्सल स्टूडियो भी बनेंगे; जानें और क्या होगा खास
यमुना प्राधिकरण ने आगरा अर्बन सेंटर के मास्टर प्लान 2041 को मंजूरी दी है, जिसके तहत 14 हजार हेक्टेयर में न्यू आगरा को हरित और इको-फ्रेंडली शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।

यीडा न्यू आगरा के नाम से एक नया शहर बसाने जा रहा है। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
न्यू आगरा 14 हजार हेक्टेयर में हरित शहर बनेगा।
पर्यटन, मनोरंजन, स्पोर्ट्स विलेज से रोजगार सृजन होगा।
आवासीय आवंटियों को भवन निर्माण समय सीमा में राहत।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) की 94वीं बोर्ड बैठक में आगरा अर्बन सेंटर के मास्टर प्लान 2041 के प्रारूप और भू-उपयोग मानचित्र को मंजूरी दी गई। आगरा अर्बन सेंटर करीब 14 हजार हेक्टेयर में विकसित होगा।
इसे चंडीगढ़ की तर्ज पर हरित और इको फ्रेंडली शहर के रूप में बसाने की योजना है। पर्यटन और मनोरंजन पर केंद्रित इस शहर में डिज्नीलैंड, यूनिवर्सल स्टूडियो और थीम पार्क बनेंगे।
लग्जरी होटल, रिसॉर्ट, आधुनिक सम्मेलन व प्रदर्शनी स्थल के साथ 100-100 हेक्टेयर में स्पोर्ट्स विलेज और गोल्फ कोर्स प्रस्तावित हैं। स्पोर्ट्स विलेज में विभिन्न खेलों के मैदान और सुविधाएं होंगी, ताकि युवा ओलंपिक सहित राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कर सकें।
न्यू आगरा में रह सकेंगे 14.6 लाख लोग
भारतीय धरोहर और भविष्यवादी थीम के साथ वर्चुअल और ऑगमेंटेड रियलिटी का उपयोग भी होगा। न्यू आगरा में 14.6 लाख लोगों के रहने की क्षमता होगी और करीब 8.5 लाख रोजगार सृजित होने का अनुमान है।
अब प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शासन के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। बृहस्पतिवार को हुई बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त और यीडा अध्यक्ष आलोक कुमार ने की। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने एजेंडा प्रस्तुत किया।
डिज्नीलैंड, थीम पार्क और गोल्फ कोर्स बनेंगे आकर्षण
शहर में 823.7 हेक्टेयर में ग्रीन रिवर बफर जोन विकसित किया जाएगा। यहां रंग-बिरंगे फूलों, दुर्लभ पेड़-पौधों और वाटर बॉडी के साथ वेलनेस टूरिज्म की गतिविधियां होंगी।
योग, आयुर्वेदिक मसाज और उपचार के अलावा मिट्टी के बर्तन, लकड़ी की कारीगरी, कपड़ा रंगाई, बुनाई और पेंटिंग जैसी स्थानीय कला-संस्कृति को भी जगह मिलेगी। प्रकृति से जुड़ा बायोफिलिक वेलनेस सेंटर बनाने की योजना है।
आवासीय आवंटियों को एक साल की राहत
बोर्ड ने आवासीय भूखंडों की लीज डीड के बाद भवन निर्माण की निश्शुल्क समय सीमा 31 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2027 कर दी। इससे आवंटियों को बिना पेनल्टी और अतिरिक्त शुल्क के निर्माण का समय मिलेगा।
कुछ पॉकेट्स में किसानों के वाद और न्यायालय के स्थगन आदेशों के कारण भूमि उपलब्ध नहीं हो पाई है और सड़क, सिविल तथा इलेक्ट्रिकल कार्य अधूरे हैं। आवंटियों ने सुविधाएं पूरी होने तक निर्माण में कठिनाई बताई थी।
प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 7071 करोड़ रुपये
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 अक्टूबर 2026 तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 7071.48 करोड़ रुपये रहीं, जो पिछले वर्ष से करीब चार गुना हैं। भूमि अधिग्रहण पर 4985.47 करोड़ और जेवर एयरपोर्ट के लिए 565.15 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
बोर्ड ने कार्पस फंड विनियमावली, निजी बिजनेस पार्क योजना-2025, सेक्टर 4ए और 5 में किसानों से सहमति पर भूमि क्रय, सर्विस मास्टर प्लान 2041, जिकरपुर रोड मरम्मत, वेस्ट मैनेजमेंट बायलाज 2026, रेस्को पर रूफटॉप सोलर प्लांट और मॉडल भवन विनियम 2026 को भी मंजूरी दी।
14,281 किसानों को सात प्रतिशत आबादी भूखंड
14281 किसानों के 7 प्रतिशत आबादी भूखंड के लिए प्रकाशन हो चुका है। 11229 को आरक्षण पत्र जारी किए गए और 5147 भूखंड नियोजित हुए हैं। 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर के मद में 3183.13 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।