विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा के दनकौर में मामूली विवाद के बाद सिर पर ईंट मारकर युवक की हत्या; हिरासत में आरोपी  

Published: Sun, 29 Nov 2026 12:30 AM (IST)

दनकौर के सलारपुर गांव में मामूली विवाद के चलते एक युवक की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

सिर पर ईंट मारकर युवक की हत्या कर दी गई। फोटो: सांकेतिक

सिर पर ईंट मारकर युवक की हत्या कर दी गई। फोटो: सांकेतिक

जागरण संवाददाता, दनकौर। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के सलारपुर गांव में शनिवार रात मामूली बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई।

आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने अचानक ईंट से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

रास्ते में अचानक सिर पर ईंट से किया हमला

पुलिस के अनुसार, सलारपुर गांव निवासी 36 वर्षीय वीरेंद्र कसाना उर्फ वीरू शनिवार को अपने बड़े भाई के घर से वापस अपने घर जा रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में गांव के ही 26 वर्षीय हल्लू उर्फ सोविंदर ने किसी बात को लेकर अचानक उनके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

शराब पीने का आदी बताया जा रहा आरोपी

घटना की सूचना मिलने पर दनकौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी सोविंदर को घायल अवस्था में हिरासत में लिया है। उसका भी उपचार कराया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि आरोपी शराब पीने का आदी है। हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने स्वजन की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपी से पूछताछ और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें- दिन में प्रेस का काम, रात होते ही बन जाते थे शातिर चोर; नोएडा पुलिस के हत्थे चढ़ा 250 गाड़ियां उड़ाने वाला गैंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।