नोएडा की स्वच्छता में बादशाहत बरकरार, सीईओ के कुशल प्रबंधन से मिला गोल्डन सिटी अवॉर्ड
नोएडा ने सीईओ कृष्णा करुणेश के कुशल प्रबंधन से स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार चौथी बार शीर्ष स्थान हासिल किया है। ...और पढ़ें

नोएडा की स्वच्छता में बादशाहत बरकरार, सीईओ के कुशल प्रबंधन से मिला गोल्डन सिटी अवॉर्ड (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
लगातार चौथी बार स्वच्छता सर्वेक्षण में नोएडा शीर्ष पर।
'गोल्डन सिटी अवॉर्ड' से सम्मानित, सीईओ कृष्णा करुणेश को श्रेय।
कचरा प्रबंधन, पिंक शौचालय और जीरो डिस्चार्ज सिटी का दर्जा।
कुंदन तिवारी, नोएडा। प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के कुशल प्रबंधन के चलते नोएडा ने स्वच्छता सर्वेक्षण में एक बार फिर अपनी उपलब्धि कायम रखी है। तीन से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में नोएडा लगातार चौथी बार शीर्ष शहरों में शामिल हुआ।
बुधवार को आवासन एवं शहरी विकास मंत्रालय ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के परिणाम घोषित किए। इसमें नोएडा को देशभर की स्वच्छता सुपर लीग में गोल्डन सिटी अवॉर्ड से नवाजा गया। सीईओ कृष्णा करुणेश ने कहा कि लगातार सम्मान मिलने के साथ शिखर पर बने रहने की जिम्मेदारी भी बढ़ी है।
विभिन्न मुद्दों पर ली जाती है राय
पिछले चार वर्षों से नोएडा को पुरस्कार मिल रहा है और वाटर प्लस का सम्मान भी मिला है। सर्वेक्षण की टीम आमतौर पर दो-तीन माह पहले शहर पहुंचती है। वह सेक्टर, सोसायटी, गांव और सड़कों का जायजा लेकर लोगों से सफाई व्यवस्था पर जानकारी लेती है।
इसमें नियमित कचरा उठान और गीले-सूखे कचरे के अलग-अलग संग्रह जैसे पहलुओं पर लोगों की राय ली जाती है। इसी आधार पर शहर की स्वच्छता व्यवस्था का मूल्यांकन होता है। करुणेश ने बताया कि प्राधिकरण में तैनाती के बाद उन्होंने सेक्टरों, गांवों और सोसायटियों में कचरा संग्रह से लेकर निस्तारण तक की प्रक्रिया समझी। सड़कों की सफाई में भी बारीकियों पर ध्यान दिया गया।
मैकेनिकल स्वीपिंग के दौरान सड़क के बीच, फुटपाथ के किनारे जमा कचरे और टूटे कर्व स्टोन से उड़ती मिट्टी जैसी समस्याओं पर काम किया गया। इसमें जन स्वास्थ्य, सिविल, जल और उद्यान समेत सभी विभागों का योगदान रहा। सफाई कर्मचारियों ने सड़क पर तैनात रहकर अहम भूमिका निभाई।
गीले कचरे का किया गया उपचार
नोएडा ने घर-घर कचरा संग्रह के जरिए सेक्टरों, सोसायटियों, औद्योगिक क्षेत्रों, गांवों और कॉलोनियों से गीला-सूखा कचरा अलग-अलग उठाकर निस्तारण स्थल तक पहुंचाया। गीले कचरे का उपचार किया गया और सीएंडी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर पुन: उपयोग कराया गया।
सड़क किनारे कचरा फेंकने पर रोक के साथ 402 कूड़ा घरों को हटाकर वहां छोटे बगीचे बनाए गए। बिल्ड आपरेट ट्रांसफर माडल पर यूरिनल, शौचालय और महिलाओं के लिए पिंक शौचालय भी बनाए गए।
प्रमुख चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, मेट्रो स्टेशन और माल के आसपास बने पिंक बूथों में बच्चों को दूध पिलाने के लिए कक्ष और सैनिटरी पैड की सुविधा है। मंत्रालय ने इस मॉडल को अन्य नगर निगमों और प्राधिकरणों में अपनाने की वकालत की है।
सेक्टर-54 की डंप साइट पर जमा एक लाख मीट्रिक टन कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण कर वहां वेटलैंड और पिकनिक स्थल विकसित किया गया है। सीवर के पानी को शोधित कर उद्यान और निर्माण स्थलों में उपयोग किया जा रहा है। इससे नोएडा ने जीरो डिस्टार्च सिटी का दर्जा हासिल किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।