नोएडा होगा EV फ्रेंडली, 30 जगहों पर चार्जिंग स्टेशन बनाने का किया गया अनुबंध; जानिए कहां-कहां मिलेगी सुविधा
नोएडा प्राधिकरण ने यूपीआरईवी के साथ 30 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए 10 साल का अनुबंध किया है, जिससे शहर में हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

नोएडा शहर में 30 ईवी चार्जिंग स्टेशन तैयार करेगा। इसके लिए स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है। एआई इमेज
HighLights
नोएडा प्राधिकरण ने यूपीआरईवी संग 30 ईवी चार्जिंग स्टेशन का अनुबंध किया।
यह अनुबंध 10 वर्षों के लिए, हरित परिवहन को बढ़ावा देगा।
वायु प्रदूषण नियंत्रण, 2070 नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन लक्ष्य में सहायक।
जागरण संवाददाता, नोएडा। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2022 के तहत हरित परिवहन (ग्रीन मोबिलिटी) को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे बढ़ते वायु प्रदूषण को जल्द नियंत्रण किया जा सकता है। इसके तहत बृहस्पतिवार को नोएडा प्राधिकरण ने यूपी रेन्युवल एंड ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (यूपीआरईवी) के साथ अनुबंध साइन किया है, जो शहर में 30 ईवी चार्जिंग स्टेशन तैयार करेगा। इसके लिए 30 स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है।
10 वर्षों के लिए किया गया अनुबंध
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए यह अनुबंध 10 वर्षों के लिए किया गया है। इसे भविष्य में बढ़ाया जा सकता है। यूपीआरईवी चार्जिंग स्टेशन को तैयार करने पर होने वाले व्यय को वहन करेगा।
वहीं, नोएडा प्राधिकरण की ओर से उसे स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। प्राधिकरण किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता प्रदान नहीं करेगा। प्रत्येक स्थान पर न्यूनतम दो चार्जर लगाए जाएंगे, जिससे एक दुपहिया वाहन और एक साथ दो कारों को चार्ज किया जा सकेगा।
2070 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य
नोएडा प्राधिकरण को ईवी चार्जिंग के एवज में प्रति किलोवाट विद्युत खपत के रूप में एक रुपये प्रति यूनिट की दर से राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि यह पहल नोएडा में हरित परिवहन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, क्योंकि नीति आयोग का लक्ष्य 2030 तक देश में सभी काॅमर्शियल कारों के लिए 70 प्रतिशत, प्राइवेट कारों के लिए 30 प्रतिशत, बसों के लिए 40 प्रतिशत और दो व तीन-पहिया वाहनों के लिए 80 प्रतिशत ईवी बिक्री का लक्ष्य हासिल करना है। यह 2070 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य के अनुरूप है।
नोएडा में कहां-कहां लगाए जाएंगे ईवी स्टेशन
- सेक्टर-51, 76, 81, 101, 144, 145, 156, 154 मेट्रो स्टेशन पार्किंग
- एनएसईजेड स्थित फेज टू नोएडा प्राधिकरण
- सेक्टर-78 वेदवन पार्किंग
- सेक्टर-38 बोटेनिकल गार्डन
- सेक्टर-119 हेरिटेज हाॅस्पिटल आम्रपाली प्लेटिनम
- सेक्टर-21 ए इंडोर स्टेशन पार्किंग
- सेक्टर-122 आईजीएल स्टेशन
- सेक्टर-129 साया स्टेटस माॅल
- सेक्टर-132 इनफोसिस कैंपस
- सेक्टर-150 शहीद भगत सिंह पार्क पार्किंग
- सेक्टर-18 हल्दीराम के पास वेंडर जोन व भेल ऑफिस
- सेक्टर-27 सब माल पार्किंग व कैब्रिज स्कूल
- सेक्टर-29 ब्रह्मपुत्रा मार्केट व गंगा शाॅपिंग काॅम्प्लेक्स
- सेक्टर-एक भूमिगत पार्किंग
- सेक्टर-38 सी ब्लाॅक नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे
- सेक्टर-15 पार्किंग
- सेक्टर-दो स्टेट बैंक
- सेक्टर-24 एनटीपीसी
- सेक्टर-94 कमांड कंट्रोल सेंटर
- सेक्टर-96 प्राधिकरण मुख्य प्रशासनिक भवन
यह भी पढ़ें- बाराबंकी में जागरण विमर्श: अब नोएडा-गाजियाबाद की तरह चमकेगा बाराबंकी, SCR होगा मील का पत्थर
