एक क्लिक में एक्स-रे और MRI की जांच, नोएडा के छात्रों ने बनाया बीमारी पहचानने वाला AI सिस्टम
नोएडा के एमजीएम कॉलेज के छात्रों ने एक एआई सिस्टम विकसित किया है जो एक्स-रे और एमआरआई जैसी मेडिकल इमेज का विश्लेषण कर बीमारियों की पहचान करता है।

ऑटोमेटेड मेडिकल इमेज एनालिसिस फाॅर डिजिज डायग्नोसिस सिस्टम पर मौजूद एक्सरे, सिटी स्केन की तस्वीर।
HighLights
नोएडा छात्रों ने एक्स-रे, एमआरआई विश्लेषण हेतु एआई सिस्टम बनाया।
सिस्टम निमोनिया, हृदय असामान्यताओं की पहचान में 97% सटीक।
वेब एप्लीकेशन पर इमेज अपलोड कर बीमारी का पता लगाएं।
स्वाति भाटिया, नोएडा। बीमारी की पहचान के लिए अब मेडिकल जांच की तस्वीरों को समझने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) भी मददगार साबित हो सकता है।
नोएडा के एमजीएम काॅलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाॅजी के बीटेक कंप्यूटर साइंस के फाइनल इयर के तीन छात्रों ने ऐसा ही एक स्मार्ट सिस्टम तैयार किया है।
यह सिस्टम एक्स-रे और एमआरआई की तस्वीरों का विश्लेषण कर संभावित बीमारी या असामान्यता की पहचान करने में मदद करेगा। खास बात यह है कि इसमें तीन अलग-अलग जांच सुविधाओं को एक ही प्लेटफार्म पर जोड़ा गया है।
तीन तरह की जांच, एक ही सिस्टम
देवांश धींगरा, कनिष्क शांडिल्य और कोमल कश्यप ने ऑटोमेटेड मेडिकल इमेज एनालिसिस फाॅर डिजीज डायग्नोसिस यूजिंग डीप लर्निंग नाम से यह प्रोजेक्ट तैयार किया है। असिस्टेंट प्रोफेसर पूजा सिंह के मार्गदर्शन में विकसित इस सिस्टम में छाती के एक्स-रे से निमोनिया की पहचान, हार्ट से जुड़ी असामान्यताओं का वर्गीकरण और कार्डियक एमआरआई से हृदय के एट्रियम (ऊपरी कक्ष) की पहचान करने की सुविधा दी गई है। हालांकि, इसमें अभी अन्य फीचर भी बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही हैं।
तस्वीर के साथ दिखेगा प्रभावित हिस्सा
इस सिस्टम की खासियत सिर्फ बीमारी से जुड़ा परिणाम बताना नहीं, बल्कि तस्वीर में उस हिस्से को भी दिखाना है, जिसके आधार पर एआइ ने अपना निष्कर्ष निकाला है। एक्स-रे जांच में हीटमैप के जरिए संदिग्ध हिस्से को दर्शाया जाता है, जबकि एमआरआइ में हृदय के एट्रियम वाले क्षेत्र की रूपरेखा तैयार की जाती है। इससे मेडिकल इमेज को समझने में आसानी हो सकती है।
परीक्षण में 97 प्रतिशत तक सटीकता का दावा
प्रोजेक्ट के परीक्षण में निमोनिया की पहचान करने वाले माडल ने 95 से 97 प्रतिशत तक सटीकता दर्ज की। हार्ट संबंधी असामान्यताओं के वर्गीकरण में यह आंकड़ा लगभग 93 से 96 प्रतिशत रहा।
वहीं, एमआरआई में एट्रियम की पहचान का परिणाम 85 से 90 प्रतिशत तक दर्ज किया गया। छात्रों ने इसके लिए डीप लर्निंग, कन्वोल्यूशनल न्यूरल नेटवर्क (सीएनएन) और यू-नेट तकनीक का इस्तेमाल किया है।
वेब एप्लीकेशन पर अपलोड करनी होगी तस्वीर
छात्रों ने फ्लास्क तकनीक की मदद से इसका वेब आधारित एप्लीकेशन भी तैयार किया है। इसमें उपयोगकर्ता मेडिकल इमेज अपलोड कर अपनी जरूरत के अनुसार जांच का विकल्प चुन सकता है। इसके बाद सिस्टम विश्लेषण कर परिणाम और उससे जुड़ी तस्वीर दिखाता है।
इससे यह प्रोजेक्ट केवल तकनीकी प्रयोग तक सीमित न रहकर उपयोग में लाए जा सकने वाले प्लेटफार्म के रूप में विकसित हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार इसका उद्देश्य डॉक्टरों की जगह लेना नहीं, बल्कि मेडिकल इमेज के विश्लेषण में उनकी मदद करना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।