विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'नया नोएडा' में किसानों के लिए बनेगा स्पेशल हॉल, चोला के पास होगा अथॉरिटी का नया दफ्तर; UPSIDA से लेंगे जमीन

Published: Wed, 18 Nov 2026 11:59 PM (IST)

दादरी नोएडा गाजियाबाद विशेष निवेश क्षेत्र (डीएनजीआईआर) के रूप में विकसित हो रहे 'नया नोएडा' के लिए चोला के पास ...और पढ़ें

नया नोएडा में नया दफ्तर बनाएगी अथॉरिटी। फोटो: एआई जनरेटेड

नया नोएडा में नया दफ्तर बनाएगी अथॉरिटी। फोटो: एआई जनरेटेड

जागरण संवाददाता, नोएडा। दादरी-नोएडा-गाजियाबाद विशेष निवेश क्षेत्र (डीएनजीआइआर) के रूप में विकसित होने जा रहे ‘नया नोएडा’ की योजना अब जमीन पर उतरने लगी है।

किसानों से जमीन अधिग्रहण के लिए संवाद और सहमति बनाने के साथ ही नोएडा प्राधिकरण ने नए शहर के लिए प्रशासनिक कार्यालय तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

चोला के पास बनने वाले इस कार्यालय में किसानों के लिए अलग कॉन्फ्रेंस हाल बनाया जाएगा, जहां अधिकारी जमीन अधिग्रहण, मुआवजे और दूसरी समस्याओं पर सीधे बातचीत करेंगे।

चोला के पास खरीदी जाएगी करीब 2600 एकड़ जमीन

नया नोएडा के कार्यालय के लिए नोएडा प्राधिकरण उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) से करीब 2600 एकड़ जमीन खरीदेगा।

इसमें कुछ जमीन नया नोएडा की अधिसूचित सीमा से बाहर भी है। जमीन की खरीद, कीमत और अन्य बिंदुओं पर चर्चा के लिए जल्द ही यूपीसीडा के अधिकारियों के साथ बैठक होगी।

कार्यालय का ब्लू प्रिंट प्राधिकरण के सर्किल स्तर पर तैयार किया जा रहा है। इसमें सीईओ, एसीईओ और ओएसडी के कार्यालयों के साथ संबंधित सर्किल कार्यालय और लेखपालों के बैठने की व्यवस्था होगी। अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जरूरी प्रशासनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

किसानों को नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर

कार्यालय में किसानों के लिए अलग कॉन्फ्रेंस हाल बनाया जाएगा। यहां प्राधिकरण के अधिकारी किसानों के साथ बैठक कर जमीन अधिग्रहण, मुआवजे और अन्य समस्याओं पर सीधे चर्चा कर सकेंगे। इससे किसानों को अपनी बात रखने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

प्राधिकरण की योजना है कि नया नोएडा से जुड़े सभी जरूरी काम इसी कार्यालय से संचालित किए जाएं। इससे जमीन अधिग्रहण, विकास कार्यों और किसानों से जुड़े मामलों के निस्तारण में सहूलियत होगी।

कार्यालय का तैयार ब्लू प्रिंट मंजूरी के लिए प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के सामने रखा जाएगा। इसे अगले 15 दिनों में अंतिम रूप देने का लक्ष्य है।

80 गांवों की जमीन पर बसेगा नया नोएडा

नया नोएडा का मास्टर प्लान 209.11 वर्ग किलोमीटर यानी 20,911.29 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार किया गया है। बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर के 80 गांवों की जमीन पर विकसित होने वाले इस शहर में करीब छह लाख की आबादी बसाने का लक्ष्य है।

जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने के लिए किसानों के बीच चौपाल लगाई जा रही हैं। इन चौपालों के जरिये किसानों को परियोजना की जानकारी देने और जमीन अधिग्रहण के लिए उनकी सहमति लेने की कोशिश की जा रही है।

चार चरणों में होगा शहर का विकास

नया नोएडा को चार चरणों में विकसित किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग अवधि में जमीन विकसित करने का लक्ष्य तय किया गया है।

चरण

विकास की अवधि

विकसित होने वाला क्षेत्र

पहला

2023 से 2027

3165 हेक्टेयर

दूसरा

2027 से 2032

3798 हेक्टेयर

तीसरा

2032 से 2037

5908 हेक्टेयर

चौथा

2037 से 2041

8230 हेक्टेयर

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि पहले चरण की समय सीमा नजदीक होने के कारण जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने की तैयारी है।

किसानों से संवाद के साथ प्रशासनिक ढांचा भी तैयार किया जा रहा है। चोला के पास बनने वाला कार्यालय इसी दिशा में पहला कदम होगा।

यह भी पढ़ें- अब गड्ढा नहीं भरा जाएगा, नोएडा में एलिवेटेड रोड का हिस्सा ही बदलेगा; सामने आई बार-बार क्रैक पड़ने की वजह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।