अब गड्ढा नहीं भरा जाएगा, नोएडा में एलिवेटेड रोड का हिस्सा ही बदलेगा; सामने आई बार-बार क्रैक पड़ने की वजह
नोएडा की पहली एलिवेटेड रोड पर बार-बार गड्ढे का कारण शुरुआती जांच में कमजोर बेयरिंग पाया गया है, जिससे एक सेगमेंट में दरारें आ गईं।

नोएडा के एमपी-2 मार्ग पर बनी एलिवेटेड रोड इस्कान मंदिर के पास धंस गई है। फोटो: आर्काइव
HighLights
कमजोर बेयरिंग के कारण एलिवेटेड रोड पर गड्ढा।
11 मीटर क्षतिग्रस्त सेगमेंट को बदलने का फैसला।
आईआईटी रुड़की की देखरेख में मरम्मत कार्य जारी।
जागरण संवाददाता, नोएडा। शहर की पहली एलिवेटेड रोड पर बार-बार गड्ढा होने की वजह शुरुआती तकनीकी जांच में सामने आई है। एमपी-टू स्थित सेक्टर 27-28 से सेक्टर 60-61 तक बनी इस सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से में बेयरिंग कमजोर पाई गई है।
पर्याप्त भार न संभाल पाने के कारण एक सेगमेंट पर दबाव पड़ा और उसमें दरारें आ गईं। इसका असर करीब 11 मीटर लंबे हिस्से पर हुआ, जिसकी ऊपरी सतह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढे में बदल गई।
बेयरिंग कमजोर होने से सेगमेंट में आई दरारें
बता दें कि सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन में सेक्टर-33 स्थित इस्काॅन मंदिर के सामने 18 अक्टूबर को पहली बार गड्ढा हुआ था। मरम्मत के बाद 20 अक्टूबर को उसी जगह फिर गड्ढा बन गया।
सुरक्षा के मद्देनजर 21 अक्टूबर को लेन पर यातायात बंद कर दिया गया। यह लेन 26 दिन से बंद है और नीचे की सड़क पर दबाव बढ़ा है। एमपी-टू एलिवेटेड रोड प्रीकास्ट तकनीक से बनी है।
इसमें पहले से तैयार कंक्रीट के हिस्सों को मौके पर जोड़कर लगाया जाता है। सेगमेंट और गर्डर के बीच तकनीकी कनेक्शन होने से किसी हिस्से को बदलते समय आसपास के स्ट्रक्चर का ध्यान रखना पड़ता है।
गड्ढे की मरम्मत के बजाय बदला जाएगा पूरा सेगमेंट
अब नोएडा प्राधिकरण ने केवल गड्ढे की मरम्मत करने के बजाय पूरा क्षतिग्रस्त सेगमेंट बदलने का फैसला किया है। पुराने हिस्से को हटाकर नया सेगमेंट लगाया जाएगा।
मरम्मत का काम शुरू हो गया है और प्राधिकरण का लक्ष्य इसे 10 दिसंबर तक पूरा करने का है। एलिवेटेड रोड के अलग-अलग सेगमेंट के बीच लगी बेयरिंग ऊपर से आने वाले भार को सहारा देती हैं।
तापमान में बदलाव से पुल के फैलने और सिकुड़ने पर ये नियंत्रित हलचल की गुंजाइश भी देती हैं। बेयरिंग कमजोर होने या ठीक से काम न करने पर संबंधित हिस्से में भार का संतुलन बिगड़ सकता है। प्रारंभिक जांच में इसी तरह की तकनीकी समस्या सामने आई है।
आईआईटी रुड़की के इंजीनियरों की देखरेख में मरम्मत
आईआईटी रुड़की के इंजीनियरों की देखरेख में हो रही मरम्मत में विशेषज्ञों की सलाह पर पूरा सेगमेंट बदला जा रहा है। एलिवेटेड रोड के अन्य सेगमेंट की भी जांच कराई जा रही है, ताकि दूसरी जगह ऐसी तकनीकी खामी का पता लगाकर पूरी सड़क की मजबूती का आकलन किया जा सके।
-कृष्णा करुणेश, सीईओ, नोएडा प्राधिकरण
यह भी पढ़ें- 281 करोड़ से नोएडा में बनेगा 'टेक हब', प्रोजेक्ट के लिए योगी सरकार ने खोला खजाना; 100 करोड़ से तैयार होगा कैंपस