नोएडा में आवारा कुत्तों का आतंक, BTech छात्र को घेरकर बुरी तरह काटा; 5 दिन में कुत्तों के हमले के 20 मामले
नोएडा में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है, जहां सेक्टर-105 में एक बीटेक छात्र को कुत्तों ने बुरी तरह ...और पढ़ें

काॅलेज से लौटते समय मार्केट के पास तीन-चार कुत्तों ने उसे घेर लिया। एक कुत्ते ने उसकी पिंडली में गहरा काट लिया।
HighLights
नोएडा में बीटेक छात्र पर आवारा कुत्तों का हमला।
गौतमबुद्ध नगर में कुत्ते के काटने के मामले 25% बढ़े।
निवासियों ने आवारा कुत्तों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, नोएडा। शाम के वक्त घर लौटते बच्चों से लेकर बाजार जाने वाली महिलाओं और पार्क में टहलने वाले बुजुर्गों तक के लिए नोएडा की सड़कें अब आवारा कुत्तों के झुंड के कारण डरावनी होती जा रही हैं।
गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे सेक्टर-105 में 20 वर्षीय बीटेक छात्र अमित दो कुत्तों के हमले का शिकार हो गया। काॅलेज से लौटते समय मार्केट के पास तीन-चार कुत्तों ने उसे घेर लिया। एक कुत्ते ने उसकी पिंडली में गहरा काट लिया। बचने की कोशिश में छात्र सड़क पर गिर पड़ा और उसके घुटने, हाथ व कोहनी में भी चोट आई।
आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग
सुरक्षा गार्ड और राहगीर मदद से कुत्तों को भगाया गया और घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया और पिंडली में घाव पर तीन टांके आए हैं। छात्र के गिरने से आई चोटें हल्की बताई गई हैं।
आवारा कुत्तों के बढ़ते झुंड ने शहर में बच्चों के स्कूल से लौटने, बुजुर्गों की सैर और बाजार जाने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सेक्टर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दीपक शर्मा का कहना है कि केवल शिकायत दर्ज करने से समस्या हल नहीं होगी।
ऐसे स्थानों को चिन्हित कर नियमित निगरानी, डाॅग कैचर वैन की उपलब्धता और प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि अगली घटना किसी बच्चे या बुजुर्ग के साथ न हो।
गौतमबुद्ध नगर में कुत्तों के काटने के मामले 25 प्रतिशत बढ़े
बीते 15 दिनों में ऐसी 20 घटनाएं सेक्टरों में आ चुकी है। जिले में कुत्तों के काटने के मामलों में लगभग 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वर्ष 2024 में पशुओं द्वारा काटने के 1,45,137 मामले सामने आए।
इसमें 1,32,210 मामले कुत्तों के काटने के थे। वहीं, वर्ष 2025 में 1,84,328 मामले आए, जिसमें कुत्तों के काटने के 1,66,564 मामले रहे। वहीं, इस साल 15 अगस्त तक 73 हजार से अधिक कुत्ते काटने के मामले आ चुके हैं।
