विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नाइट लाइफ इन नोएडा @104, यूरोपियन स्टाइल स्ट्रीट और रूफटॉप महफिलों से गुलजार शामें; हौज खास को टक्कर

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:24 AM (IST)

नोएडा अब दिल्ली के हॉज खास और कनॉट प्लेस को टक्कर देते हुए एनसीआर का नया लाइफस्टाइल और पार्टी हब बन गया है। सेक्टर-104, 105 और हाजीपुर गांव के आसपास का इलाका युवाओं हब है।

नोएडा का सेक्टर 104 अपनी नाइटलाइफ के लिए मशहूर हो रहा है। फोटो: इंटरनेट

नोएडा का सेक्टर 104 अपनी नाइटलाइफ के लिए मशहूर हो रहा है। फोटो: इंटरनेट

जागरण संवाददाता, नोएडा। वह दिन अब गुजरे जमाने की बात हो गए हैं, जब वीकेंड की शाम को यादगार बनाने, दोस्तों के साथ महफिल जमाने या एक बेहतरीन लाइफस्टाइल और नाइटलाइफ का आनंद लेने के लिए नोएडा के बाशिंदों को डीएनडी फ्लाईवे पार कर दिल्ली के हौज खास विलेज, कनॉट प्लेस या गुरुग्राम के साइबर हब की दौड़ लगानी पड़ती थी।

अब दिल्ली की तरफ रुख करने की वह मजबूरी खत्म हो चुकी है, क्योंकि नोएडा खुद राजधानी की नाइटलाइफ को सीधी और कड़ी टक्कर दे रहा है। पिछले कुछ वर्षों में इस शहर की जीवनशैली, खान-पान के शौक और मनोरंजन के मायने पूरी तरह बदल चुके हैं।

खासकर सेक्टर-104, सेक्टर-105 और हाजीपुर गांव के आसपास की यह पूरी बेल्ट आज नोएडा के सबसे बड़े, जीवंत और नए लाइफस्टाइल व पार्टी हब के रूप में उभरकर सामने आई है :

हाजीपुर का यूरोपियन लुक बना नई पहचान

नाम भले हाजीपुर गांव है, लेकिन इसी हाजीपुर के यूरोपियन लुक ने अब हौज खास को पीछे छोड़ दिया है। एक समय था जब नोएडा में शॉपिंग, रेस्त्रां और हैंगआउट की पहचान सिर्फ सेक्टर-18 के बाजार और कुछ गिने-चुने मॉल्स तक सीमित थी।

या फिर हौज खास, सीपी तक लेकिन समय के साथ सेक्टर-18 की भीड़भाड़ और पुराने ढर्रे को पीछे छोड़ते हुए हाजीपुर गांव और सेक्टर-104 के बाजार ने एक ऐसी आधुनिक करवट ली है, जिसने पूरे एनसीआर का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

जैसे ही सूरज ढलता है और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की स्ट्रीट लाइट्स जलती हैं, सेक्टर-104 का नजारा किसी यूरोपीय स्ट्रीट या साउथ दिल्ली की पॉश कैफे लेन जैसा नजर आने लगता है।

बहुमंजिला इमारतों की छतों पर जगमगाती फेयरी लाइट्स, बोहेमियन और मोरक्कन थीम पर सजे रूफटॉप लाउंज, लाइव बैंड की मधुर धुनें और हवा में तैरती कॉफी व कॉकटेल्स की खुशबू-यह पूरा इलाका शाम होते ही युवाओं की चहल-पहल से गुलजार हो उठता है।

हौज खास और सीपी से कैसे अलग है सेक्टर-104 की रात

दिल्ली के हौज खास विलेज या कनॉट प्लेस जाने वाले लोग अक्सर वहां की संकरी गलियों, पार्किंग की किल्लत, बाउंसर्स की सख्ती और शोर-शराबे की शिकायत करते हैं।

लेकिन सेक्टर-104 ने अपनी एक अलग पहचान गढ़ी है-यह शोर से ज्यादा सुकून और पॉजिटिव वाइब्स का केंद्र है।

सेक्टर-107 की एक हाईराइज सोसाइटी में रहने वाले 29 वर्षीय आईटी प्रोफेशनल आरव मल्होत्रा पिछले दो साल से हर वीकेंड पर अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-104 आते हैं। वे इस बदलाव को बेहद बारीकी से समझाते हैं।

आरव कहते हैं, पहले हम शुक्रवार की शाम होते ही सीपी या हौज खास जाने का प्लान बनाते थे। लेकिन जाने-आने में ही दो-ढाई घंटे ट्रैफिक में बर्बाद हो जाते थे। हौज खास में अब वह पुराना क्लास नहीं रहा, वहां बहुत ज्यादा भीड़, संकरी अंधेरी गलियां और हर जगह एक जैसा तेज शोर है। इसके उलट, सेक्टर-104 में एक सुकून भरा खुलापन है। यहां के कैफे और लाउंज बहुत सोच-समझकर डिजाइन किए गए हैं। आप यहां बैठकर अपने दोस्तों से बात कर सकते हैं, लाइव सूफी या इंडी म्यूजिक का आनंद ले सकते हैं और सबसे बड़ी बात-यहां क्राउड बहुत फिल्टर्ड और सभ्य है। अधिकांश लोग आसपास की सोसाइटीज और कॉरपोरेट दफ्तरों के हैं, इसलिए माहौल बेहद सुरक्षित और सहज महसूस होता है।

वहीं, सेक्टर-104 के ही एक बोहेमियन रूफटॉप कैफे में नियमित आने वाली कंटेंट क्रिएटर और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव अनन्या शर्मा इस जगह के सौंदर्यबोध और आत्मीयता की कायल हैं।

वे बताती हैं, कनॉट प्लेस में एक फॉर्मल और कॉरपोरेट जैसा माहौल रहता है, जहां आपको हर चीज के लिए काफी ऊंची कीमत चुकानी पड़ती है और समय की भी पाबंदी महसूस होती है। लेकिन सेक्टर-104 में हर गली और हर बिल्डिंग की छत पर एक नई थीम है। कहीं आपको तुर्किये और भूमध्यसागरीय वाइब मिलेंगी, तो कहीं एकदम देसी और कलात्मक माहौल। यहां की खासियत यह है कि आप बिना किसी दिखावे के, अपने कूल अंदाज में आ सकते हैं और घंटों बैठकर जीवन को जी सकते हैं। दिल्ली के मुकाबले यहां की मेहमाननवाजी में एक अपनापन है।

घर से निकलते ही पांच मिनट में पार्टी

इस बेल्ट की सबसे बड़ी ताकत इसकी हाइपर-लोकल सुविधा है। सेक्टर-104, 105 और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे बसे सेक्टर-93, 100, 107, 108 और 110 की दर्जनों पॉश हाईराइज सोसाइटीज में रहने वाले हजारों परिवारों और युवाओं के लिए यह इलाका किसी वरदान से कम नहीं है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन सेक्टरों में रहने वाले लोगों को अब वीकेंड पार्टी या डिनर के लिए अपनी कार तक निकालने की जरूरत नहीं पड़ती।

स्कूटी, बाइक या महज पैदल ही घर से निकलो और पांच से दस मिनट के भीतर आप एक वर्ल्ड-क्लास कैफे, माइक्रो-ब्रूअरी या फाइन-डाइन रेस्त्रां में पहुंच जाते हैं।

न दिल्ली बॉर्डर पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम की फिक्र, न रात को ड्राइविंग करते समय पुलिस चेकिंग या थकान का डर और न ही देर रात घर लौटने की कोई टेंशन।

सेक्टर-100 निवासी कॉरपोरेट कंसल्टेंट सिद्धार्थ वर्मा कहते हैं,

हम पति-पत्नी दोनों वर्किंग हैं। शुक्रवार की रात को जब हम थककर घर लौटते हैं, तो दिल्ली जाने की हिम्मत नहीं होती। सेक्टर-104 हमारे घर से महज सात मिनट की दूरी पर है। हम बस वॉक करते हुए या स्कूटी से यहां आ जाते हैं। एक अच्छा सा रूफटॉप कॉर्नर, हल्का लाइव म्यूजिक और बेहतरीन खाना-हमारा पूरा वीकेंड स्ट्रेस यहीं खत्म हो जाता है। नोएडा के लोगों को अब अहसास हो गया है कि उन्हें मनोरंजन के लिए दूसरे शहर पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है।

नोएडा के पास पैसा और बेहतर टेस्ट

सेक्टर-104 में एक प्रीमियम रूफटॉप लाउंज के सह-संस्थापक हितिन सेठी बताते हैं कि जब यहां अपना आउटलेट खोलने का फैसला किया था, तो कई लोगों ने इसे जोखिम भरा कदम बताया था। लेकिन आज तस्वीर बिल्कुल उलट है।

हितिन कहते हैं, हमने नोएडा के बाजार की नब्ज को समझा। एक्सप्रेसवे के आसपास ऐसे युवा और पेशेवर रहते हैं, जो देश-विदेश घूम चुके हैं। उनके पास खर्च करने के लिए पैसा भी है और वर्ल्ड-क्लास फूड व सर्विस की समझ भी। पहले वे सिर्फ इसलिए दिल्ली जाते थे क्योंकि नोएडा में उस स्तर के विकल्प नहीं थे। हमने यहां वही एंबिएंस, इंटरनेशनल मेन्यू और क्राफ्ट कॉकटेल्स देना शुरू किया। आज आलम यह है कि वीकेंड पर तो हमें वेटिंग चलानी पड़ती ही है, लेकिन मंगलवार और बुधवार जैसे आम दिनों में भी हमारी 80 फीसदी से ज्यादा टेबलें भरी रहती हैं। अब तो पूर्वी दिल्ली और गाजियाबाद से भी लोग हौज खास के बजाय नोएडा सेक्टर-104 आ रहे हैं।

मेन्यू और ऑफर्स के बारे में बात करते हुए एक अन्य चर्चित कैफे व बार की मैनेजर नेहा सिंघानिया बताती हैं कि प्रतिस्पर्धा बढ़ने से सबसे ज्यादा फायदा ग्राहकों को हो रहा है।

वे कहती हैं, दिल्ली के कनॉट प्लेस या खान मार्केट की तुलना में नोएडा में कमर्शियल प्रॉपर्टी का किराया काफी कम है। इसका सीधा लाभ हम अपने ग्राहकों को देते हैं। जहां दिल्ली में दो लोगों के डिनर और ड्रिंक्स का बिल आसानी से पांच से छह हजार रुपये पहुंच जाता है, वहीं सेक्टर-104 में उससे बेहतर माहौल में यह खर्च दो से तीन हजार रुपये के बीच रहता है। इसके अलावा, युवाओं को आकर्षित करने के लिए हम हैप्पी आवर्स कॉकटेल्स पर ऑफर्स और कॉरपोरेट व बर्थडे पार्टीज के लिए बेहद किफायती अनलिमिटेड पैकेज देते हैं।

यह भी पढ़ें- सिर्फ 7 मिनट में पहुंची 108 एंबुलेंस, ग्रेटर नोएडा में हादसे में घायल युवक की बच गई जान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।