नोएडा बनेगा देश का नया AI और टेक हब, सेक्टर-25ए में बनेगा भव्य बिजनेस पार्क; हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
नोएडा के सेक्टर-25ए में पांच लाख वर्गमीटर पर भव्य बिजनेस पार्क बनेगा, जिससे शहर एआई और टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सेक्टर-25ए में पांच लाख वर्गमीटर पर बनेगा बिजनेस पार्क।
नोएडा को एआई और टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित करेगा।
हजारों तकनीकी रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा को बड़े बिजनेस और टेक्नोलाजी हब के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। सेक्टर-25ए में करीब पांच लाख वर्गमीटर जमीन पर बिजनेस पार्क बनाया जाएगा। योजना चरणबद्ध तरीके से लागू होगी।
पहले चरण में करीब दो लाख वर्गमीटर जमीन आवंटित करने की तैयारी है। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ), ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) और कामर्शियल गतिविधियों से जुड़ी कंपनियों को जगह मिलेगी। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि बिजनेस पार्क की योजना जल्द लांच की जाएगी।
पहले चरण में जमीन आवंटित होने के बाद अगले चरण के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी। परियोजना से नई टेक्नोलाजी कंपनियों को निवेश का अवसर मिलेगा और हजारों तकनीकी रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। पहले चरण में दो लाख वर्गमीटर जमीन पाने वाली कंपनी को एक लाख वर्गमीटर कॉमर्शियल स्पेस भी दिया जाएगा।
कौन सी सुविधाएं मिलेंगी?
यहां कंपनी मॉल या अन्य व्यावसायिक गतिविधियां विकसित कर सकेगी। इस तरह पार्क में कार्यालयों के साथ खरीदारी और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इसे आधुनिक टेक्नोलाजी हब के तौर पर विकसित किया जाएगा, जहां एआइ, जीसीसी, आईटी-आईटीईएस, रिसर्च, स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी सुविधाएं होंगी।
टेक्नोलाजी कंपनियों को एक ही परिसर में जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी। परियोजना के लिए मास्टर डेवलपर का चयन प्रतिस्पर्धी ई-बिडिंग के जरिए होगा। विकास डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण (डीबीएफओटी) माडल पर किया जाएगा।
मालिकाना हक नोएडा प्राधिकरण के साथ रहेगा
चयनित डेवलपर निर्माण और संचालन करेगा, जबकि जमीन का मालिकाना हक नोएडा प्राधिकरण के पास रहेगा। योजना में 45 साल की लीज और इसे अगले 45 साल तक बढ़ाने का प्रविधान है। सेक्टर-25ए की जमीन पहले वेव इंफ्राटेक को आवंटित की गई थी।
पीएसपी पालिसी के तहत कंपनी ने इसे प्राधिकरण को लौटा दिया था। अब प्राधिकरण इस जमीन का बेहतर उपयोग करने के लिए बिजनेस पार्क विकसित करेगा। इससे नोएडा में निवेश बढ़ने और आईटी व टेक्नोलॉजी आधारित कंपनियों को नया ठिकाना मिलने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।