सेफ सिटी प्रोजेक्ट: नोएडा में अब नहीं बचेंगे बदमाश, 1949 हाईटेक कैमरे और फेस डिटेक्शन तकनीक से लैस होगा शहर
नोएडा सेफ सिटी परियोजना के टेंडर आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। इस योजना के तहत शहर में 1949 हाईटेक कैमरे और 147 पैनिक बटन लगाए जाएंगे, जिसमें फेस डिटेक्शन तकनीक भी शामिल है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
टेंडर आवेदन की तारीख 10 दिसंबर तक बढ़ाई गई।
शहर में 1949 कैमरे और 147 पैनिक बटन लगेंगे।
फेस डिटेक्शन तकनीक से बदमाशों की तुरंत पहचान होगी।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा सेफ सिटी परियोजना के लिए प्राधिकरण ने टेंडर आवेदन की तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है। अब कंपनियां 10 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगी। इससे पहले आवेदन की अंतिम तारीख छह नवंबर थी, जिसे रद कर दिया गया था।
परियोजना के तहत 561 स्थानों पर 1949 कैमरे और 147 जगहों पर पैनिक बटन लगाए जाएंगे। महाप्रबंधक सिविल एसपी सिंह ने बताया कि सेक्टर-94 स्थित इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी एवं ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइएसटीएमएस) के ऊपर नया कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसे मौजूदा कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।
सिस्टम में ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र को जोड़ने की सुविधा भी होगी। नया कंट्रोल रूम पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से सीधे जुड़ा रहेगा। किसी घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाना, चौकी, पीआरवी और डायल-112 को तुरंत जानकारी भेजी जाएगी। कैमरों में फेस डिटेक्शन तकनीक प्रस्तावित है।
लाइव लोकेशन कंट्रोल रूम तक पहुंचाएगा सिस्टम
पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज बदमाश कैमरे की जद में आने पर सिस्टम उनकी पहचान कर लाइव लोकेशन कंट्रोल रूम तक पहुंचाएगा। पैन-टिल्ट-जूम कैमरों को किसी भी दिशा में घुमाया जा सकेगा और उनसे करीब 1700 मीटर तक जूम कर फुटेज देखी जा सकेगी।
परियोजना के डिजाइन, उपकरणों की आपूर्ति, स्थापना, क्रियान्वयन और रखरखाव के लिए टेंडर जारी किया गया है। प्री-बिड बैठक हो चुकी है। टेंडर में शामिल कंपनियों में से एक का चयन कर उसे एक महीने में काम सौंपा जाएगा।
काम पूरा होने पर चयनित कंपनी पुलिसकर्मियों को सिस्टम चलाने का प्रशिक्षण देगी। इससे शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज और सेफ सिटी सिस्टम की निगरानी एकीकृत कंट्रोल रूम से होगी।
यह भी पढ़ें- नोएडा में चार मंजिला बनेंगे 15 नए मेट्रो स्टेशन, PPP मॉडल से विकसित होंगे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स; जानें पूरा प्लान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।