विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में चार मंजिला बनेंगे 15 नए मेट्रो स्टेशन, PPP मॉडल से विकसित होंगे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स; जानें पूरा प्लान

Published: Sat, 28 Nov 2026 06:21 PM (IST)

नोएडा में एक्वा मेट्रो के 15 स्टेशन अब यात्रियों के लिए खरीदारी की सुविधा भी देंगे, जिन्हें चार मंजिला बनाया जाएगा। यह परियोजना पीपीपी मॉडल पर बेंगलुरु के मॉडल से प्रेरित है।

नोएडा में चार मंजिला मेट्रो स्टेशन बनेंगे। प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

नोएडा में चार मंजिला मेट्रो स्टेशन बनेंगे। प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. 15 एक्वा मेट्रो स्टेशन बनेंगे चार मंजिला, व्यावसायिक परिसर।

  2. यात्रियों को मेट्रो में यात्रा के साथ मिलेगी खरीदारी की सुविधा।

  3. पीपीपी मॉडल पर आधारित, बेंगलुरु मेट्रो मॉडल से प्रेरित योजना।

कुंदन तिवारी, नोएडा। नोएडा में एक्वा मेट्रो स्टेशन अब केवल यात्रियों के आवागमन तक सीमित नहीं रहेंगे। यहां यात्री मेट्रो का इंतजार करने के साथ खरीदारी भी कर सकेंगे। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने तीन नए मेट्रो रूट के 15 स्टेशनों के डिजाइन में बदलाव करने का फैसला किया है।

एनएमआरसी इन्हें चार मंजिला बनाया जाएगा और दो मंजिलों पर व्यावसायिक परिसर विकसित किए जाएंगे। इसके लिए स्टेशनों की ऊंचाई बढ़ेगी, जबकि लंबाई और चौड़ाई पहले जैसी ही रखी जाएगी।

किस मेट्रो स्टेशन पर लागू होगी योजना?

यह योजना ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी, बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति तक प्रस्तावित मेट्रो मार्गों पर लागू होगी।

इन स्टेशनों की लंबाई 140 मीटर और चौड़ाई 30 मीटर होगी। मौजूदा डिजाइन में दो मंजिलें जोड़ने के बाद स्टेशन चार मंजिला हो जाएंगे।

पीपीपी मॉडल पर होगा निर्माण

स्टेशनों का निर्माण पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर कराया जाएगा। प्रत्येक स्टेशन पर करीब 45 से 50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह राशि चयनित निजी कंपनी लगाएगी। इसके बदले कंपनी को 30 साल के लिए शॉपिंग परिसर लीज पर दिया जाएगा।

कंपनी को क्या होगा फायदा?

कंपनी को इसे आगे सब लीज करने का अधिकार भी मिल सकता है। साथ ही, 30 साल के लिए को-ब्रांडिंग का विकल्प भी रखा गया है। योजना के व्यावसायिक मॉडल और निवेश को लेकर एनएमआरसी ने एक हजार करोड़ रुपये से अधिक सालाना टर्नओवर वाली 60 कंपनियों को एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट के जरिए आमंत्रित किया है। कंपनियों से सुझाव लिए हैं।

बेंगलुरु मॉडल से ली प्रेरणा

एनएमआरसी ने इस योजना के लिए बेंगलुरु के मॉडल से प्रेरणा ली है। वहां इनफोसिस ने मेट्रो प्रबंधन को 100 करोड़ रुपये देकर स्टेशन बनवाया था। स्टेशन को कंपनी के परिसर से स्काईवॉक के जरिये जोड़ा गया था।

इसी तर्ज पर नोएडा में भी मेट्रो स्टेशनों के साथ व्यावसायिक सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है। इससे यात्रियों को खरीदारी की सुविधा मिलेगी और एनएमआरसी की आय का नया स्रोत बनेगा।

एक्वा मेट्रो की प्रस्तावित परियोजनाएं

  • बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 लिंक लाइन: 12.56 किमी, 8 स्टेशन, 2,354.35 करोड़ रुपये, प्रस्तावित राइडरशिप 1.25 लाख।
  • ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन विस्तार: 2.6 किमी, 2 स्टेशन, 416 करोड़ रुपये, प्रस्तावित राइडरशिप 60 हजार।
  • सेक्टर-51 से ग्रेनो वेस्ट सेक्टर-4: 8.449 किमी, 5 स्टेशन, 2390 करोड़ रुपये, प्रस्तावित राइडरशिप 1.25 लाख।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा: पास्ता में कीड़ा मिलने से गर्ल्स हॉस्टल में मचा हड़कंप, किचन सील; जांच के लिए भेजा सैंपल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।