विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रील को ही अपनी दुनिया मान रहे किशोर, घर तक छोड़ने को हो रहे हैं तैयार, लगातार बढ़ रहे ऐसे मामले

Published: Fri, 13 Nov 2026 06:54 AM (GMT+05:30)

रील की दुनिया को सच मानकर घर छोड़ रहे किशोर-किशोरियों के मामले नोएडा में बढ़ रहे हैं, जहां वन स्टॉप ...और पढ़ें

रीलों की चमक में खोकर घर छोड़ रहे किशोर ( एआई जेनरेटेड इमेज)

रीलों की चमक में खोकर घर छोड़ रहे किशोर ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. रील की दुनिया को सच मानकर घर छोड़ रहे किशोर।

  2. नोएडा में हर माह 250 से अधिक मामले दर्ज।

  3. अभिभावकों से संवाद की कमी प्रमुख कारण।

स्वाति भाटिया, नोएडा। रील की जिंदगी को सच मान जीने की चाह कई किशोर-किशोरियों को घर छोड़ने जैसे कदम उठाने की ओर धकेल रही है। 12 से 17 वर्ष की आयु के 250 से अधिक किशोर-किशोरियों के मामले हर महीने नोएडा के सेक्टर-62 स्थित वन स्टाप सेंटर पहुंच रहे हैं।

मनोविज्ञानी के पास भी ऐसे 200 से अधिक मामले बीते एक माह में आ चुके हैं। इनमें कई किशोर मोबाइल की दुनिया को ही अपनी दुनिया मानने लगे हैं व रील की जिंदगी जीने को हदें पार कर रहे हैं।

इनमें 70 प्रतिशत किशोर-किशोरियां दिल्ली-एनसीआर के हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली, बुलंदशहर, मेरठ व हापुड़ से मामले सामने आ रहे हैं।

ऐसे किशोरों की हो रही काउंसिलिंग

उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों व मध्य प्रदेश से भी केस पहुंच रहे हैं। दो या तीन काउंसिलिंग में करीब तीन से सात दिन के अंदर करीब 95 प्रतिशत केस में किशोर-किशोरियों को वापस स्वजन के पास भेजा गया। करीब पांच प्रतिशत किशोरियों को मेरठ समेत अन्य जगह स्थित वन स्टाप सेंटर भेजा जाता है।

दिल्ली के कमला नगर की 15 वर्षीय किशोरी अक्सर वृंदावन की रील देखती थी। उसने कई बार अभिभावकों से वहां जाने की इच्छा जताई, पर वे दो साल से उसे अगले साल घूमने ले जाने की बात कहकर टाल रहे थे।

किशोरी के अनुसार, अभिभावक अपने दोस्तों संग घूमने जाते थे, पर उसे साथ नहीं ले जाते थे। एक दिन उसने दो सहेलियों संग वृंदावन जाने की योजना बनाई व वहां पहुंच गई। अभिभावकों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने किशोरी को वन स्टाप सेंटर पहुंचाया।

अकेलेपन में मोबाइल बन रहा सहारा

बुलंदशहर का 14 वर्षीय किशोर माता-पिता के न होने से चाचा-चाची के साथ रहता था। चाचा-चाची नौकरी व अपने बच्चों की जिम्मेदारियों से ज्यादातर वक्त घर से बाहर रहते थे। ऐसे में अकेलेपन में मोबाइल उसका साथी बन गया। आनलाइन मिले लोगों का अपनापन उसे वास्तविक रिश्तों से बेहतर लगने लगा।

आभासी दुनिया पर निर्भरता बढ़ने के बाद वह घर छोड़ आनलाइन दोस्तों से मिलने नोएडा पहुंचा। पुलिस ने उसे चाचा-चाची से मिलाया। इसके बाद किशोर व उसके चाचा-चाची की काउंसलिंग हुई।

गाजियाबाद की 16 वर्षीय किशोरी के माता-पिता हाईप्रोफाइल जीवनशैली पसंद करते थे। वे खुद रील देखते व बनाते थे। अपनी जिंदगी की छोटी-छोटी बातें भी रील से साझा करते थे। बेटी ने भी यह आदत अपना ली। रील बनाने के फेर में वह एक अनजान दोस्त संग घर छोड़कर चली गई। वन स्टाप सेंटर से मिली जानकारी के अनुसार, किशोरी नोएडा से आगे आगरा जाने की योजना बना रही थी।

यह है वजह

रील की चमकदार जिंदगी को सच मानना, अभिभावकों से समय व प्यार न मिलने से अकेलापन महसूस करना, घर में संवाद की कमी, बात-बात पर डांट व इंटरनेट पर बने दोस्तों का बढ़ता प्रभाव किशोरों को जल्दबाजी में फैसले लेने की ओर ले जा सकता है।

प्रियजनों को अपनी निजी जिंदगी की बातें लाइक व कमेंट पाने के लिए रील पर साझा करते देख बच्चे भी उनका अनुसरण करने लगते हैं।

लाइक, कमेंट व लगातार नए वीडियो से तुरंत खुशी व स्वीकृति का एहसास होता है। किशोर कई बार तत्काल लिए फैसले को सही मान लेते हैं। उनके दूरगामी परिणाम पर विचार नहीं करते। मोबाइल पर सीधी पाबंदी लगाने के बजाय बातचीत व संतुलित नियम जरूरी हैं।--डॉ. सोना कौशल, मनोचिकित्सक

हमारा उद्देश्य केवल बच्चों को घर वापस भेजना नहीं, बल्कि यह जानना भी है कि वे घर छोड़ने की स्थिति तक क्यों पहुंचे। जरूरत के अनुसार उन्हें काउंसलिंग, चिकित्सकीय व कानूनी सहायता दी जाती है। परिवारों को रोक-टोक के बजाय संवाद का रास्ता खुला रखना चाहिए।--मनोज कुमार सिंह, डीपीओ, महिला कल्याण विभाग

यह भी पढ़ें- गौतमबुद्ध नगर में ग्रेप 3 नियमों का सख्ती से पालन, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।