विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में रामा अस्पताल में मरीज की मौत पर सीईसीटी रिपोर्ट गायब, अब डॉक्टरों के बयान होंगे दर्ज

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:19 AM (IST)

नोएडा के रामा अस्पताल में पुष्पा देवी की मौत के मामले में जांच समिति को मरीज की सीईसीटी एब्डोमेन रिपोर्ट नहीं मिली है, जिससे रिपोर्ट दाखिल करने पर रोक लगा दी गई है।  

रामा अस्पताल में मरीज की मौत पर सीईसीटी रिपोर्ट गायब डॉक्टरों के बयान होंगे दर्ज ( एआई जेनरेटेड इमेज)

रामा अस्पताल में मरीज की मौत पर सीईसीटी रिपोर्ट गायब डॉक्टरों के बयान होंगे दर्ज ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. रामा अस्पताल ने मरीज की सीईसीटी रिपोर्ट नहीं दी।

  2. जांच समिति ने रिपोर्ट दाखिल करने पर फिलहाल रोक लगाई।

  3. 3 दिसंबर को चिकित्सक और स्टाफ के बयान दर्ज होंगे।

सुमीत कुमार, नोएडा। नोएडा सेक्टर-61 स्थित रामा अस्पताल में अप्रैल 2026 में छिजारसी निवासी पुष्पा देवी की मौत के मामले में पीड़ित पक्ष को अस्पताल की ओर से मरीज की कान्ट्रास्ट-एन्हांस्ड कंप्यूटेड टोमोग्राफी आफ एब्डोमेन (सीईसीटी एब्डोमेन) रिपोर्ट नहीं दी गई है।

इससे जांच समिति ने शासन को भेजी जाने वाली रिपोर्ट फिलहाल रोक दी है। अब तीन दिसंबर को आरोपित चिकित्सक व स्टाफ के बयान दर्ज होंगे। इसके बाद समिति जांच रिपोर्ट चिकित्सा, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग के महानिदेशक को भेजेगी।

आरोपों को बताया गया गलत और बेबुनियादी

वहीं, अस्पताल की एमडी ने आरोपों को गलत व बेबुनियाद बता प्रथम पक्ष पर उन्हें बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया है। दावा किया कि गौतमबुद्ध नगर स्वास्थ्य विभाग व मेरठ में पहले हुई जांच में भी उन पर लगाए आरोपों को गलत मिला है। सीईसीटी एब्डोमेन पेट के अंदरूनी अंगों की विस्तृत तस्वीरें लेने वाली एक विशेष रेडियोलाजी जांच है।

छिजारसी निवासी मोहित के शिकायती पत्र पर महानिदेशक डॉ पवन कुमार अरुण ने अपर निदेशक, मेरठ मंडल के नेतृत्व में चार सदस्यीय समिति गठित की है। समिति ने 14 नवंबर को मोहित व उनके अन्य स्वजन के बयान दर्ज किए।

आरोप था कि अस्पताल में चिकित्सक व स्टाफ ने उनकी मां के इलाज में लापरवाही बरती थी। उन्होंने एक आडियो रिकार्डिंग व इलाज में लापरवाही से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य भी जमा कराए थे। आरोपों के आधार पर समिति यह जानना चाहती है कि मरीज को बुखार व अन्य समस्याएं थीं, पर उनका सीईसीटी एब्डोमेन किस आधार पर कराया गया?

मरीज को कौन सी दवाएं दी गई थीं..?

मरीज की हालत बिगड़ने पर उन्हें कौन-सी दवाएं दी गई थीं? उस समय अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद थे या नहीं? अपर निदेशक डा.मनोज सेन का कहना है कि तीन दिसंबर को चिकित्सक और स्टाफ को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। बयान व साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार होगी।

बता दें कि छिजारसी निवासी मोहित ने 14 अप्रैल को अपनी मां पुष्पा देवी को बुखार व अन्य दिक्कतों के चलते रामा अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप था कि फिजिशियन की सहमति के बिना पुष्पा देवी को रेडियोलाजी विभाग में शिफ्ट कर उनका सीईसीटी एब्डोमेन कर दिया गया। इसका प्रमाणपत्र भी नहीं बनाया गया।

कुछ देर बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। 16 अप्रैल को गाजियाबाद के सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में ले जाने पर इलाज के दौरान पुष्पा देवी की मौत हो गई थी।



अस्पताल में मरीज का सही इलाज हुआ था। उन्हें बुखार के अलावा कई अन्य परेशानियां भी थीं। विशेषज्ञ चिकित्सक व प्रशिक्षित स्टाफ इलाज में जुटे थे। स्वजन के सभी आरोप गलत हैं। स्वास्थ्य विभाग व मेरठ में पहले हुई जांच हमारे पक्ष में रही हैं। समिति ने आरोपों को गलत माना है। हमें ब्लैकमेल व प्रताड़ित किया जा रहा है। इलाज व जांच के दस्तावेज मैं अपने कार्यालय में दिखाने के लिए तैयार हूं। -स्क्वाड्रन लीडर डा.संगीता शर्मा, मैनेजिंग डायरेक्टर, रामा अस्पताल, नोएडा

यह भी पढ़ें- रवांई में शादी समारोहों में मेहमानों के सम्मान का नया अंदाज: पुष्पमाला और शॉल-टोपी से स्वागत



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।