डीजल टैंक की आड़ में गांजा तस्करी का पर्दाफाश, डेढ़ करोड़ के गांजे के साथ दो गिरफ्तार
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.5 करोड़ रुपये के गांजे की तस्करी का भंडाफोड़ ...और पढ़ें

डीजल टैंक की आड़ में गांजा तस्करी का पर्दाफाश ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा किया।
डेढ़ करोड़ रुपये का 177 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ।
डीजल टैंक में गुप्त कैविटी बनाकर की जा रही थी तस्करी।
अजब सिंह, ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बादलपुर कोतवाली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) टीम ने गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
उनके कब्जे से 177 किलो 790 ग्राम गांजा और एक ट्रक बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस पूछताछ में सामने आई ये सच्चाई
थाना बादलपुर कोतवाली प्रभारी विजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आंबेडकर पार्क के सामने से दोनों तस्करों को धर दबोचा। उनकी पहचान 31 वर्षीय इरफान और 20 वर्षीय आसिफ के रूप में हुई है।
दोनों गुरुग्राम जिले के थाना सोहना क्षेत्र के गांव सांचोली के रहने वाले हैं। दोनों आठवीं तक पढ़े हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इरफान ट्रक मालिक है और खुद ही गाड़ी चलाता है, जबकि आसिफ ट्रक में हेल्पर का काम करता है।
दोनों ने बताया कि यह गांजा ओडिशा के फुलवानी से लाया जा रहा था और गुरुग्राम ले जाया जाना था। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर किसी व्यक्ति को इसकी डिलीवरी करनी थी। तस्करी का तरीका बेहद शातिराना था।
आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल
आरोपितों ने ट्रक में नीचे टूल बाक्स के पास एक गुप्त कैविटी बना रखी थी, जो बिल्कुल डीजल टैंक जैसी दिखती थी। उसी में गांजा छिपाकर रखा गया था, ताकि चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर न पड़े, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उनकी चालाकी नहीं चली।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपित पूर्व में असम में एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब उनके पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और गांजा कहां से लाया जाता था और कहां-कहां सप्लाई किया जाता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।