पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 व 22 नवंबर को बारिश की संभावना, राजधानी लखनऊ में भी बढ़ेगी ठंड
UP Weather Update: लखनऊ में बुधवार को दिन पारा 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज दिया गया, जबकि न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 12.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा
HighLights
चक्रवाती तूफान 'अकवान' का दिखेगा असर
प्रदेश में फिर छह डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है रात का पारा
जागरण संवाददाता, लखनऊ । उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। बीते 72 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
इससे तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे पहुंच गया है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से मौसम में एक बार फिर बदलाव होने के आसार हैं। लखनऊ में बुधवार को दिन पारा 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज दिया गया, जबकि न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 12.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 20 नवंबर से हवाओं की दिशा बदलने के कारण न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 21 और 22 नवंबर को पूर्वांचल के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद ठंडी हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा और न्यूनतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इससे रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।
कानपुर में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। 9.5 डिग्री सेल्सियस के साथ मुजफ्फरनगर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। मेरठ में न्यूनतम पारा 10.9 दर्ज किया गया। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए सुबह और रात में गर्म कपड़े दिखने लगे हैं।
लखनऊ में फिलहाल शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है। चक्रवाती तूफान का सीधा प्रभाव यहां बारिश के रूप में पड़ने के आसार कम हैं। हालांकि, हवा की दिशा में बदलाव और बादलों की आवाजाही से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। अगले दो-तीन दिनों में रात के तापमान में गिरावट से सुबह और देर रात ठंड का अहसास बढ़ेगा।
कोहरे से मिली राहत
पिछले दिनों तापमान में गिरावट के साथ वातावरण में नमी भी कम हुई है। इससे सुबह के समय कोहरे का घनत्व घटा है और घने कोहरे से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल शुष्क हवा के प्रभाव से दृश्यता की स्थिति में सुधार रहने की संभावना है। हालांकि, स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा छा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।