डेढ़ करोड़ में लीज पर दिया PG और बिना C-form ठहराए विदेशी, नोएडा पुलिस ने बाप-बेटे को दबोचा
नोएडा के शाहपुर गांव में एक पीजी संचालक और उसके बेटे को बिना सी-फार्म भरवाए मलेशिया और इंडोनेशिया के विदेशी नागरिकों को ठहराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

नोएडा सेक्टर 136 स्थित सोविरेन टावर के आठवीं मंजिल पर इसी में चल रहा था काॅल सेंटर। जागरण
HighLights
नोएडा में पीजी संचालक और बेटे को किया गिरफ्तार।
बिना सी-फार्म विदेशी नागरिकों को ठहराने का आरोप।
मलेशिया, इंडोनेशिया के नागरिक पीजी में रह रहे थे।
जागरण संवाददाता, नोएडा। शाहपुर गांव स्थित पीजी में बिना सी-फार्म भरवाए रह रहे मलेशिया व इंडोनेशिया के नागरिकों को रखवाने वाले पीजी संचालक व उसके बेटे पर सेक्टर 126 थाना पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई की।
दोनों का चालान कर कोर्ट के समक्ष पेश कर दिया। दोनों को विदेशी नागरिकों को रुकवाने के एवज में मोटी रकम मिली थी। बिना पुलिस को सूचना दिए इन्हें रखवाया गया था।
विदेशियों को ठहराने के एवज में मिली मोटी रकम
नोएडा के शाहपुर गांव में ब्रह्म प्रकाश चौहान स्वजन संग रहते हैं। वह अपने बेटे दीपांशु चौहान संग छह मंजिला 60 कमरों का पीजी चलाते हैं। उन्होंने चार माह पहले अपने पीजी को छत्तीसगढ़ दुर्ग के सुनील कुमार विश्वकर्मा व बुलंदशहर के सुशील भाटी को लीज पर दिया था।
एग्रीमेंट सेक्टर 136 की एसकेवी कंपनी प्रबंधन के नाम पर हुआ था। दोनों ही कॉल सेंटर व पीजी का जिम्मा संभालते थे। हालांकि अभी पुलिस दोनों को पकड़ने में खाली हाथ है। सुनील के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी हो चुका है।
डेढ़ करोड़ रुपये मिलने की बात आई सामने
शुरुआती जांच में पता चला है कि पीजी लीज पर देने के एवज में पीजी संचालक पिता-बेटे को करीब डेढ़ करोड़ रुपये मिले थे। पुलिस पता कर रही है कि पीजी में विदेशी नागरिकों के ठहरने की जानकारी संचालकों को किस स्तर तक थी।
उनके पुलिस सत्यापन व संबंधित विभागों को सूचना देने की प्रक्रिया के पालन में लापरवाही क्यों बरती गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच कर रही है।
बता दें कि सी-फार्म एक कानूनी दस्तावेज होता है, जिसका इस्तेमाल भारत में मुख्य रूप से होटल, गेस्ट हाउस व होम स्टे में ठहरने वाले विदेशी नागरिकों की जानकारी पुलिस व विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) को देने के लिए होता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।