नोएडा के तीसरे पुलिस कमिश्नर बने जे. रविंदर गौड, कमान संभालते ही एक्शन में दिखे; बेहतर पुलिसिंग पर जोर
जे. रविंदर गौड ने गौतमबुद्ध नगर और लक्ष्मी सिंह ने गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त का कार्यभार संभाला। दोनों अधिकारियों ने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की, बेहतर पुलिसिंग पर जोर दिया।

नोएडा सेक्टर-108 स्थित कार्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद परिसर का अवलोकन करते पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड़। फोटो: जागरण
HighLights
जे. रविंदर गौड बने गौतमबुद्ध नगर के नए पुलिस आयुक्त।
लक्ष्मी सिंह ने गाजियाबाद पुलिस आयुक्त का पदभार संभाला।
दोनों ने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण की समीक्षा की।
जागरण संवाददाता, नोएडा/गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर व गाजियाबाद में शनिवार को पुलिस आयुक्तों ने कार्यभार संभाल लिया। 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी जे. रविंदर गौड ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की कमान संभाली, जबकि लक्ष्मी सिंह ने गाजियाबाद पुलिस आयुक्त के रूप में पदभार संभाला।
दोनों अधिकारियों ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिस अधिकारियों संग बैठक कर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण व यातायात प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग व आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।
दोनों आयुक्तों ने संभाला कार्यभार
जे. रविंदर गौड शनिवार दोपहर करीब तीन बजे सेक्टर-108 स्थित गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय पहुंचे। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
औपचारिकताएं पूरी कर उन्होंने पुलिस आयुक्त का पदभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों संग बैठक की। इसमें जिले की भौगोलिक स्थिति, पुलिसिंग, यातायात व्यवस्था व अपराध नियंत्रण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
वहीं, गाजियाबाद में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने शनिवार को पुलिस कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाला। उन्होंने पूर्व पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड से पदभार लेने के बाद अधिकारियों संग बैठक की।
बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण व यातायात प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की गई। लक्ष्मी सिंह ने शहर में यातायात व्यवस्था सुगम बनाने व बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई, दिल्ली सीमा पर सतर्कता बढ़ाने, गोतस्करी पर अंकुश लगाने व पुराने अपराधियों की निगरानी पर जोर दिया। बैठक में कमिश्नरेट के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
गौतमबुद्ध नगर के तीसरे पुलिस आयुक्त बने रविंदर गौड
जे. रविंदर गौड तेलंगाना के महबूबनगर के हैं। वह उत्तर प्रदेश कैडर के 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में परास्नातक की पढ़ाई की है।
करीब दो दशक के पुलिस करियर में वह प्रदेश के कई जिलों व पुलिस इकाइयों में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वर्ष 2013 में उन्होंने लखनऊ के एसएसपी के रूप में जिम्मेदारी निभाई। वहीं, गोरखपुर रेंज में डीआईजी व आईजी रहे।
लखनऊ में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) में डीआईजी की जिम्मेदारी भी संभाली। जनवरी 2024 से वह आगरा व गाजियाबाद के बाद लगातार तीसरी बार पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
वर्ष 2020 में गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नरेट बनने के बाद वह जिले के तीसरे पुलिस आयुक्त हैं। हाइटेक शहर की पुलिस व्यवस्था संभालने के साथ उनके सामने साइबर अपराध, यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण जैसी चुनौतियां रहेंगी।
साथ ही थाने व चौकियों पर पहुंचने वाले फरियादियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना व पुलिसिंग को अधिक विश्वसनीय व सरल बनाना भी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
थानों में जल्द हो सकती है नए प्रभारियों की तैनाती
गाजियाबाद में पुलिस आयुक्त के रूप में लक्ष्मी सिंह के कार्यभार संभालने के बाद आने वाले दिनों में कई थानों में नए प्रभारियों की तैनाती होने की संभावना है। जिले के कई थानों के वर्तमान प्रभारी गैर जनपद स्थानांतरित हो चुके हैं।
उनके रविवार या सोमवार तक रवाना होने की संभावना है। ऐसे में खाली होने वाले थानों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, नई पुलिस आयुक्त के सामने कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की जिम्मेदारी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।