नोएडा में कामगारों का बढ़ा वेतन, अक्टूबर से लागू हुआ नया महंगाई भत्ता, चेक करें अब कितनी मिलेगी सैलरी?
गौतमबुद्ध नगर में 74 अनुसूचित रोजगारों के श्रमिकों के लिए परिवर्तनीय महंगाई भत्ते (VDA) की नई दरें घोषित की गई ...और पढ़ें

HighLights
गौतमबुद्ध नगर में श्रमिकों के लिए परिवर्तनीय महंगाई भत्ते की नई दरें घोषित।
ये नई दरें अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी।
अकुशल, अर्द्धकुशल और कुशल कामगारों की मासिक मजदूरी में वृद्धि हुई।
जागरण संवाददाता, नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले में औद्योगिक शांति बनाए रखने और औद्योगिक उत्पादन को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से श्रम विभाग ने 74 अनुसूचित रोजगारों में कार्यरत श्रमिकों के लिए परिवर्तनीय महंगाई भत्ते (वीडीए) की नई दरें घोषित की हैं। नई दरें अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी।
अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी के अनुसार की ओर से शासन न्यूनतम मजदूरी दरें अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के तहत निर्धारित फार्मूले पर शासन स्तर से तय हुईं। इसमें हर वर्ष अप्रैल और अक्टूबर माह में सूचकांक के औसत अंकों के आधार पर परिवर्तनीय महंगाई भत्ते का भुगतान करना जरूरी है।
गौतमबुद्ध नगर में भत्ते की नई दरें निर्धारित
जनवरी 2026 से जून 2026 तक के औसत 431 अंकों के आधार पर गौतमबुद्ध नगर में भत्ते की नई दरें निर्धारित की गई हैं। अकुशल कामगारों को अब 12885 रुपये मूल मजदूरी में 998.59 रुपये परिवर्तनीय महंगाई भत्ता जोड़कर कुल मासिक मजदूरी 13883.59 रुपये मिलेगी।
वहीं, अर्द्धकुशल कामगार को 14173 रुपये मूल वेतन पर 1098.41 रुपये भत्ता जोड़कर प्रतिमाह 15,271.41 रुपये का भुगतान होगा। कुशल श्रेणी के कामगारों के लिए मूल मजदूरी 15876 रुपये निर्धारित है, जिसमें 1230.39 रुपये महंगाई भत्ता जुड़ने के बाद हर महीने 17106.39 रुपये का भुगतान तय किया गया है।
अपर श्रमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि ये दरें 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी और सभी संबंधित औद्योगिक व व्यावसायिक संस्थानों को इसी दर से भुगतान करना होगा।
यह भी पढ़ें- नोएडा में ई-बसों से सफर: 4 रूटों पर बनेंगे 78 नए बस स्टैंड, जानें आपके सेक्टर में कहां रुकेगी ई-बस?
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एफएनजी रोड पर नाले किनारे बनेगी सुरक्षा दीवार, हादसों पर लगेगी लगाम
