स्कूटी टकराई तो ईंट से कूचकर ले ली जान, नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ में आफताब को पैर में मारी गोली; गिरफ्तार
नयाबांस गांव में स्कूटी टकराने के विवाद में अमित की हत्या के आरोपी आफताब को नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
HighLights
स्कूटी विवाद में हत्या का आरोपी आफताब घायल।
नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को पकड़ा।
आरोपी ने पुलिस टीम पर की थी फायरिंग।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नयाबांस गांव के पार्क में आठ नवंबर की रात स्कूटी टकराने के विवाद में अशोक नगर के अमित की ईंट से कूचकर हुई हत्या के मामले में मंगलवार रात फेज वन पुलिस ने एक आरोपित को मुठभेड़ में गोली मारकर घायल कर दिया। टीम ने बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद कर घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया।
नोएडा जोन के एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि बीती रात अमित की हत्या के मामले में सूचना मिली कि एक आरोपित आफताब उर्फ तुस्सी सेक्टर-तीन के पार्क में बाइक लेकर खड़ा है। पुलिस से बचने के लिए जनपद छोड़ने की फिराक में है।
अवैध तमंचे से की फायरिंग
फेज-वन पुलिस ने आरोपित को दबोचने के लिए घेराबंदी की तो उसने टीम पर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। एक पुलिसकर्मी गोली लगने से बाल-बाल बच गए। सिविल ड्रेस में एसओजी टीम तत्परता दिखाते हुए आरोपित के करीब पहुंच गई, जहां उसने दोबारा फायरिंग करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में आरोपित आफताब के पैर में गोली मार कर उसे घायल कर दिया। एडीसीपी का कहना है कि आरोपित आफताब नयाबांस गांव में ही रहता है। घायल का इलाज कराने के बाद पुलिस उससे घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।
यह है मामला
दिल्ली अशोक नगर निवासी अमित अपने भाई शिवम व दोस्तों संग रविवार देर रात करीब 12 बजे नोएडा के नयाबांस गांव के पार्क में पार्टी कर रहे थे। वहीं पास में आफताब और उसके साथी जन्मदिन मना रहे थे। रात 12:30 बजे अमित और शिवम घर जाने लगे तो आफताब से स्कूटी टकरा गई।
इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आफताब, गोलू समेत तीन ने दोनों भाइयों पर ईंट से हमला कर दिया। अमित के सिर में ईंट से गहरी चोट लगने पर अस्पताल में उसकी मौत हो गई जबकि शिवम का उपचार चल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।