बादल छाएंगे, पर बरसेंगे नहीं! नोएडा में मानसून ने मोड़ा मुंह; अगले एक हफ्ते झुलसाएगी उमस भरी गर्मी
नोएडा में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जिससे अगले एक सप्ताह तक अच्छी वर्षा की संभावना नहीं है और उमस भरी गर्मी बढ़ेगी।

नोएडा में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। जागरण
HighLights
नोएडा में मानसून की रफ्तार हुई धीमी, वर्षा नहीं।
अगले एक सप्ताह तक उमस और गर्मी बढ़ेगी, तापमान में वृद्धि।
प्रदूषण बढ़ने की आशंका, स्वास्थ्य संबंधी सावधानी जरूरी।
जागरण संवाददाता, नोएडा। पिछले कुछ दिनों की वर्षा के बाद अब मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी वर्षा की संभावना नहीं है। सिर्फ बूंदाबांदी होगी।
ऐसे में लोगों को उमस भरी गर्मी और बढ़ते तापमान का सामना करना पड़ेगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसूनी गतिविधियां कमजोर होने के कारण दिन और रात दोनों के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
मंगलवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह आठ बजे के बाद ही उमस भरी गर्मी महसूस होने लगी। दोपहर तक सड़कों पर निकलना मुश्किल रहा।
अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी अधिक होने के कारण गर्मी का एहसास वास्तविक तापमान से कहीं ज्यादा रहा। दोपहर बाद कुछ देर के लिए बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं होने से राहत नहीं मिली।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों तक हल्की-फुल्की बादल छाने की स्थिति बन सकती है, लेकिन व्यापक वर्षा के आसार नहीं हैं। इससे उमस बनी रहेगी और तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
वर्षा थमने के साथ शहर में प्रदूषण की चिंता भी बढ़ने लगी है। हालिया बारिश के दौरान कई सड़कों की सतह क्षतिग्रस्त हो गई। अब इन टूटी सड़कों पर वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ रही है, जिससे वायु गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
उमस, गर्मी और धूल के कारण बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, दोपहर के समय धूप में कम निकलने और जरूरी होने पर ही बाहरी गतिविधियां करने की सलाह दी है।
