विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

892 करोड़ की लागत और 6 लेन का रोड... जानिए दिल्ली-नोएडा चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण कहां तक पहुंचा

Published: Tue, 14 Jul 2026 07:10 PM (IST)

नोएडा की चिल्ला एलिवेटेड रोड परियोजना को पीएम गति शक्ति योजना से 200 करोड़ रुपये मिलेंगे, जिससे इसका निर्माण कार्य ...और पढ़ें

नोएडा की चिल्ला एलिवेटेड रोड परियोजना को पीएम गति शक्ति योजना से 200 करोड़ रुपये मिलेंगे। इमेज एआई

नोएडा की चिल्ला एलिवेटेड रोड परियोजना को पीएम गति शक्ति योजना से 200 करोड़ रुपये मिलेंगे। इमेज एआई

HighLights

  1. चिल्ला एलिवेटेड रोड को पीएम गति शक्ति से 200 करोड़ मिलेंगे।

  2. परियोजना का 54 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

  3. यह सड़क दिसंबर 2027 तक 10 लाख लोगों को लाभ देगी।

जागरण संवाददाता, नोएडा। दिल्ली को नोएडा से जोड़ने वाली चिल्ला एलिवेटेड रोड के लिए 200 करोड़ रुपये पीएम गति शक्ति योजना के तहत मिलेंगे। इस पर अंतिम मोहर बुधवार को प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन में एनएचएआइ, उत्तर प्रदेश ब्रिज कॉरपोरेशन अधिकारियों के साथ बैठक में लग जाएगी, क्योंकि इसमें चिल्ला एलिवेटेड रोड की प्रगति रिपोर्ट रखी जाएगी, जिसका 54 प्रतिशत काम पूरा हो गया है।

दस लाख लोगों को फायदा

बता दें कि इस परियोजना के बनने से दस लाख लोगों को फायदा होगा। निर्माण में करीब 892.75 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे है। इसे 5.570 किलोमीटर लंबा छह लेन का एलिवेटेड रोड बनाया जा रहा है।

परियोजना के अंतर्गत एलिवेटेड रोड को शाहदरा ड्रेन से समानांतर आगे ले जाते हुए कालिंदी कुंज रोड को पार कर सेक्टर-94 के समीप मार्ग से जोड़ने की योजना है। सेक्टर-94 से जोड़ने के लिए दो किमी लंबा एलिवेटेड लिंक रोड भी बनाया जाएगा। इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) आइआइटी तैयार कर रहा है।

कहां तक पहुंचा निर्माण कार्य

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने बताया कि परियोजना के तहत अब तक कुल 1567 पाइल्स में से 1286 पाइल्स का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 271 पाइल कैप्स में से 181 का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके अलावा 271 पियर शाफ्ट में से 122 का निर्माण हो चुका है और 1310 गर्डर में से 378 की कास्टिंग पूरी हो चुकी है।

परियोजना की कुल भौतिक प्रगति 50 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 38.10 प्रतिशत दर्ज की गई है। वहीं ईपीसी कांट्रैक्टर की ओर से कराए गए कार्य की भौतिक प्रगति 32.54 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 29.67 प्रतिशत रही है। अब तक लगभग 185.48 करोड़ रुपये का कार्य पूरा किया जा चुका है।

परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा कर यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन इसे चार माह पहले ही पूरा किया जा सकता है। यह एलिवेटेड रोड 296 पिलर पर बनाया जाना है। अब तक 280 पिलर बन चुके हैं। 16 पिलर बन रहे हैं या बनने बाकी हैं।

इनके अलावा बन चुके पिलर पर अब ऊपर पियर गैप रखने की शुरुआत हो गई है। पियर कैप पर दो पिलर को जोड़ने के लिए गर्डर रखा जाता है।

यह भी पढ़ें: नोएडा के सरकारी अस्पतालों में अब AI तकनीक से होंगे एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड, मरीजों को मिलेगी सटीक और त्वरित रिपोर्ट