नोएडा में अब मेट्रो स्टेशन पर होगी शॉपिंग, 3 नए रूट के स्टेशनों का बदलेगा डिजाइन; बनेंगे 4 मंजिला
नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन तीन नए मेट्रो रूट पर स्टेशनों के डिजाइन में बदलाव कर रहा है, जिससे वे चार ...और पढ़ें

एनएमआरसी ने तीन नए मेट्रो रूट पर बनने वाले स्टेशनों के डिजाइन में बदलाव किया है। एआई इमेज
HighLights
नोएडा मेट्रो स्टेशन अब चार मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनेंगे।
पीपीपी मॉडल पर बनेंगे नए स्टेशन, यात्री कर सकेंगे खरीदारी।
एक्वा लाइन विस्तार को मंजूरी, सेक्टर-61 पर इंटरचेंज सुविधा।
कुंदन तिवारी, नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) ने तीन नए मेट्रो रूट पर बनने वाले स्टेशनों के डिजाइन में बदलाव किया है। ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी, बोटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति रूट पर अब तीन मंजिला कामर्शियल कांप्लेक्स के साथ स्टेशन बनेंगे।
यात्री स्टेशन पर शाॅपिंग भी कर सकेंगे
मौजूदा स्टेशनों की तरह इनकी लंबाई 140 मीटर और चौड़ाई 30 मीटर रहेगी। एनएमआरसी ने लंबाई-चौड़ाई में बदलाव किए बिना स्टेशन की ऊंचाई दो मंजिल बढ़ाने का फैसला किया है। इससे नोएडा देश का पहला शहर होगा, जहां चार मंजिला मेट्रो स्टेशन होंगे। यात्री स्टेशन पर शाॅपिंग भी कर सकेंगे।
प्रत्येक स्टेशन पर 45 से 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे
इस योजना का कांसेप्ट बंगलूरू से लिया गया है। वहां इनफोसिस ने मेट्रो प्रबंधन को 100 करोड़ रुपये देकर स्टेशन बनवाया है, जिसे कंपनी से स्काईवाॅक के जरिये जोड़ा गया है। एनएमआरसी नए स्टेशनों का निर्माण पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के तहत कराएगा। प्रत्येक स्टेशन पर 45 से 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। चुनी गई कंपनी निर्माण लागत वहन करेगी।
कंपनी को दोनों में से एक विकल्प चुनना होगा
इसके बदले उसे 30 वर्ष के लिए शापिंग कांप्लेक्स लीज पर दिया जाएगा, जिसे वह आगे सबलीज कर सकेगी। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत 30 वर्ष के लिए को-ब्रांडिंग का अधिकार भी दिया जा सकता है। कंपनी को दोनों में से एक विकल्प चुनना होगा। योजना पर सुझाव लेने के लिए एनएमआरसी ने नौ जुलाई को एक हजार करोड़ रुपये से अधिक वार्षिक टर्नओवर वाली 60 मल्टीनेशनल कंपनियों को एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) के जरिये आमंत्रित किया है।
मार्ग पर पांच नए मेट्रो स्टेशन बनेंगे
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विकास को नई गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दी है। इस मार्ग पर पांच नए मेट्रो स्टेशन बनेंगे। सेक्टर-61 पर ब्लू लाइन से सीधे इंटरचेंज की सुविधा मिलने से लाखों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह परियोजना लाखों नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे आवागमन आसान होगा, सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और आवासीय क्षेत्रों, व्यावसायिक केंद्रों, शिक्षण संस्थानों तथा अस्पतालों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी। डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश में आधुनिक अवसंरचना और जनसुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। नोएडा को आधुनिक, सुगम और बेहतर कनेक्टिविटी से युक्त शहर बनाने की दिशा में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समस्त नोएडा एवं ग्रेटर नोएडावासियों की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया है।
-पंकज सिंह, विधायक, नोएडा।
सेक्टर-61 पर ब्लू लाइन से इंटरचेंज की सुविधा
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक एक्वा लाइन मेट्रो के 8.449 किलोमीटर विस्तार और 5 नए स्टेशनों को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी, सेक्टर-61 पर ब्लू लाइन से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम होगा। क्षेत्रवासियों की बहुत लंबे समय से लंबित मांग और जरूरत आज पूरी हुई है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो पास होने पर ग्रेटर नोएडा वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार एवं धन्यवाद।
-डाॅ. महेश शर्मा, सांसद, गौतमबुद्धनगर।
यह भी पढ़ें- नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो पर आई गुड न्यूज, नई एक्वा लाइन को मंजूरी; मोदी कैबिनेट में लिया गया फैसला
यह भी पढ़ें- मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: नोएडा में एक्वा लाइन पर मेट्रो विस्तार, खाद सब्सिडी और मुद्रा योजना के लिए बजट मंजूर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।