नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो पर आई गुड न्यूज, नई एक्वा लाइन को मंजूरी; मोदी कैबिनेट में लिया गया फैसला
Noida-Greater Noida Metro Aqua Line Approved by Modi Cabinet: केंद्र सरकार ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच बहुप्रतीक्षित एक्वा मेट्रो रेललाइन को मंजूरी दे दी है।

नोएडा- ग्रेटर नोएडा के बीच का सफर होगा आसान, नई एक्वा मेट्रो लाइन को मंजूरी। फोटो-एआई
HighLights
केंद्र सरकार ने एक्वा मेट्रो रेललाइन को दी मंजूरी।
2390 करोड़ की लागत से बनेगी 8.5 किमी लाइन।
नोएडा सेक्टर-51 को ग्रेटर नोएडा वेस्ट से जोड़ेगी।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच बहुप्रतीक्षित मेट्रो एक्वा रेललाइन को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। करीब 2390 करोड़ की लागत से बनने वाली यह मेट्रो लाइन नोएडा सेक्टर- 51 को ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 यानी ग्रेटर नोएडा वेस्ट से सीधे जोड़ेगी।
करीब साढ़े आठ किमी लंबी इस एक्वा लाइन पर करीब पांच नए स्टेशन बनेंगे, जो एलीवेटेड होंगे। यह लाइन पर्थला चौक होते हुए गौर चौक और एक मूर्ति चौक तक जाएगी। एनसीआर में यातायात सुविधाओं को दिए जा रहे विस्तार के लिहाज से इसे काफी अहम माना जा रहा है।
कब लिया गया फैसला?
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में बुधवार को आयोजित केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक में यह फैसला लिया गया है। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पिछले एक दशक में जिस तरह से आबादी तीन गुना बढ़ी है, उनमें इस पूरे क्षेत्र में मेट्रो लाइन की जरूरत बढ़ गई थी। ऐसे में इस फैसले से इस क्षेत्र में रहने वाले करीब 24 लाख लोगों को फायदा मिलेगा।
नई लाइन कब बनकर होगी तैयार?
उन्होंने बताया कि यह लाइन चार सालों में तैयार हो जाएगी। यह पूरी तरह से एलीवेटेड लाइन होगी। खास बात है कि इनमें नोयडा सेक्टर 61 में ब्लू लाइन पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होगी। गौरतलब है कि इस नए मेट्रो लाइन के चालू होने पर नोयडा-ग्रेटर नोयडा में करीब 71 किमी लंबा सक्रिय मेट्रो रेल नेटवर्क स्थापित हो जाएगा।