नोएडा में जन्माष्टमी की धूम, आधी रात गूंजेगा ‘नंद के घर आनंद भयो’; इस्कॉन में लगेगा 500 व्यंजनों का भोग
नोएडा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्साह चरम पर है, जहाँ सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। इस्कॉन और श्री सनातन धर्म मंदिरों में विशेष सजावट, 500 से अधिक व्यंजनों का भोग और 1500 किलोग्राम प्रसाद वितरण की तैयारी है।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नोएडा सेक्टर 33 स्थित इस्कान मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु। फोटो: सौरभ राय
HighLights
नोएडा के मंदिरों में जन्माष्टमी का उत्साह, भक्तों की भारी भीड़
इस्कॉन, सनातन धर्म मंदिरों में विशेष सजावट, 500+ व्यंजनों का भोग
आधी रात कान्हा के जन्मोत्सव के लिए भक्त कर रहे इंतजार
स्वाति भाटिया, नोएडा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है। शुक्रवार सुबह से ही नोएडा के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच भक्त अब आधी रात भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का इंतजार कर रहे हैं।
सेक्टर-33 और सेक्टर-151 स्थित इस्कान मंदिर से लेकर सेक्टर-19 के श्री सनातन धर्म मंदिर तक जन्माष्टमी के लिए विशेष सजावट की गई है। कहीं फूलों से दरबार सजाया गया है तो कहीं लड्डू गोपाल के लिए चांदी का झूला तैयार किया गया है।
भगवान के भोग के लिए 500 से अधिक प्रकार के पकवान तैयार किए जा रहे हैं, जबकि श्रद्धालुओं के लिए करीब 1500 किलोग्राम प्रसाद वितरित करने की तैयारी है।

सुबह से दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में सुबह से पूजा-अर्चना, अभिषेक, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो गए। श्रद्धालु परिवार के साथ मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन कर रहे हैं।
शाम होते-होते मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने लगी है। रात में विशेष पूजा और अभिषेक के बाद मध्यरात्रि 12 बजे कान्हा का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के दौरान शंख-घंटियों और जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठने की तैयारी है।
इस्कान मंदिर में 500 से अधिक व्यंजनों का भोग
सेक्टर-33 स्थित इस्कान नोएडा में भगवान श्रीकृष्ण के लिए 500 से अधिक प्रकार के व्यंजनों का भोग तैयार किया गया है। इसमें माखन-मिश्री, लड्डू, पेड़े, खीर और हलवे जैसे पारंपरिक पकवानों के साथ पूड़ी-कचौड़ी, परांठे, केक, पेस्ट्री, पिज्जा, पास्ता, लजानिया और टैकोज जैसे देश-विदेश के व्यंजन भी शामिल होंगे।
मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया है। यहां भक्तों के लिए लाइव दर्शन की सुविधा भी उपलब्ध है और हरिनाम संकीर्तन की गूंज सुनाई दे रही है।
सेक्टर-151 इस्कान का सेक्टर-149 में भी आयोजन
सेक्टर-151 स्थित इस्कान मंदिर की ओर से सेक्टर-149 के गणेशावरम् होटल में भी विशेष आयोजन किया जा रहा है। यहां रात 10 बजे कृष्ण जन्मोत्सव अभिषेक होगा। इसके बाद मध्यरात्रि में महाआरती के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

चांदी के झूले में विराजेंगे लड्डू गोपाल
सेक्टर-19 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है। यहां विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण, राधारानी और लड्डू गोपाल के लिए कोलकाता के कारीगरों से विशेष पोशाक तैयार कराई गई है।
मंदिर में आकर्षक फूल बंगला सजाया गया है और लड्डू गोपाल को चांदी के झूले पर विराजमान कराया जाएगा। मंदिर प्रबंधन की ओर से करीब 1500 किलोग्राम प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित करने की तैयारी की गई है।
आधी रात कान्हा के जन्म का इंतजार
दिनभर दर्शन और धार्मिक आयोजनों के बाद भक्तों की निगाहें अब आधी रात पर टिकी रहेंगी। जैसे ही घड़ी में 12 बजेंगे, भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के साथ मंदिरों में ‘नंद के घर आनंद भयो’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंज उठेंगे। अभिषेक और महाआरती के बाद श्रद्धालु लड्डू गोपाल के दर्शन कर जन्माष्टमी का उत्सव मनाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।