नोएडा: बर्थडे गिफ्ट में मिला iPhone-17 चलते ऑटो से छीना, सदमे में युवती; केस दर्ज करने में लगे 3 दिन
नोएडा के सेक्टर-63 में चलती ऑटो से एक युवती का आईफोन-17 छीन लिया गया, जो उसे जन्मदिन पर मिला था। ...और पढ़ें

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई आईफोन लूट की वारदाता। वीडियो ग्रैब
HighLights
नोएडा में चलती ऑटो से युवती का आईफोन-17 छीना गया।
जन्मदिन पर मिला फोन छीनने से पीड़िता मानसिक तनाव में।
पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा सेक्टर-63 के सी-ब्लाक में 14 नवंबर की दोपहर दो बदमाश दिनदहाड़े चलते ऑटो में युवती का आईफोन-17 छीनकर भाग गए। यह फोन उन्हें जन्मदिन पर माता-पिता ने गिफ्ट में दिया था।
घटना के बाद पीड़िता मानसिक तनाव में आ गईं। आरोप है कि मुकदमे के लिए पुलिस ने तीन दिन तक उन्हें चक्कर कटाए। 17 नवंबर को मुकदमा दर्ज कर बुधवार की दोपहर में उनके बयान दर्ज किए।
इंदिरापुरम की शिप्रा नियो सोसायटी में रहने वाली विदुषा दत्ता सेक्टर-65 स्थित आरएनजी अपैरल्स कंपनी में काम करती हैं। 14 नवंबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे पिता विशाल दत्ता ने उन्हें सेक्टर-62 मेट्रो स्टेशन पर छोड़ा था।
कंपनी की ओर जा रही थी युवती
यहां से वह ऑटो बुककर कंपनी की ओर जाने लगीं। जैसे उनका ऑटो सेक्टर-63 में सी-130 के पास पहुंंचा, तभी पीछे से बाइक पर बिना हेलमेट में आए बदमाशों ने चलते ऑटो में उनके हाथ से आईफोन छीन लिया। घटना से घबराकर उन्होंने एक राहगीर की मदद से मां दीपिका को सूचना दी।
कुछ देर बाद वह कार्रवाई के लिए थाने और चौकी पहुंचे। वहां पुलिसकर्मी ने बदमाशों को तलाशने का आश्वासन देकर घर भेज दिया। तनाव में आने पर मनोचिकित्सक से परामर्श लेना पड़ा। पीड़िता ने बताया कि सेक्टर-65 में वह अपनी कंपनी स्टार्ट कर चुकी थीं और इस आईफोन में कंपनी व प्रोजेक्ट समेत अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की डिटेल थी।
पुलिस से रोजाना लगाई गुहार, 3 दिन में दर्ज हुआ मुकदमा
दीपिका का आरोप है कि अपनी बेटी की मानसिक स्थिति देखकर उन्होंने सेक्टर-63 थाना पुलिस से रोजाना केस के सिलसिले में बदमाशों को पकड़ने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस का रवैया ऐसा रहा कि घटना के तीसरे दिन 17 नवंबर को मुकदमा दर्ज किया। इस दौरान पुलिस उन्हें बार-बार घटनास्थल दिखाने के लिए कहती रही।
घटनास्थल के पास सीसीटीवी फुटेज में बदमाश कैद हो गए। पीड़िता ने पुलिस को यह फुटेज भी उपलब्ध कराई है। थाना प्रभारी सर्वेस कुमार सिंह का कहना है कि बदमाशों की तलाश कर रहे हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।