नोएडा को तंबाकू मुक्त बनाने की मुहीम तेज, स्वास्थ्यकर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
नोएडा स्वास्थ्य विभाग शैक्षणिक और आवासीय क्षेत्रों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए जल्द ही एक बड़ा अभियान शुरू करेगा।

नोएडा को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को मिला प्रशिक्षण ( फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
नोएडा में तंबाकू मुक्त अभियान जल्द होगा शुरू।
स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों और कर्मियों को प्रशिक्षित किया।
मरीजों को नशे से मुक्ति के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सुमीत कुमार, नोएडा। जनपद में शैक्षणिक और आवासीय समेत अन्य क्षेत्रों को तंबाकू के नशे से मुक्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जल्द ही वृहद स्तर पर अभियान शुरू किया जाएगा।
इसमें प्राइवेट अस्पताल के चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ युवाओं को भी शामिल किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 80 डाक्टरों समेत अन्य संस्थानों के प्रतिनिधियों को अभियान के तहत प्रशिक्षित किया है।
नशा छोड़ने के लिए किया प्रोत्साहित
जिला तंबाकू नियंत्रण अधिकारी डॉ श्वेता खुराना ने बताया कि राष्ट्रीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी और आईपीडी में आने वाले मरीजों की बीमारी के साथ ही नशे की लत छोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
नशे की जानकारी मिलने पर मरीज उनकी काउंसलिंग भी करनी होगी। साथ ही नशे से होने वाले आर्थिक, सामाजिक व शारीरिक और इसे छोड़ने के फायदे बताने होंगे। बीमारी के साथ नशा करने से शरीर पर होने वाले दुष्प्रभाव भी मरीजों को डिजिटल स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे।
चलाया गया जागरूकता कार्यक्रम
नशा मुक्ति को लेकर अगले 60 दिनों में किए गए जागरूकता कार्यक्रम, काउंसलिंग, सहित अन्य कार्यों का संपूर्ण ब्योरा अस्पताल प्रबंधकों से लिया जाएगा। इसके वीडियो और फोटो भी स्वास्थ्य विभाग में रिकार्ड किए जाएंगे।
अस्पतालों के डाक्टर एवं अन्य प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण लगभग पूरा हो चुका है। वे अपने अस्पतालों में जाकर इसका विस्तार करेंगे। अन्य लोगों को भी इसकी जानकारी देंगे। ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
यह भी पढ़ें- नोएडा में इंजीनियर को टेलीग्राम पर महिला से दोस्ती करना पड़ा महंगा, गंवानी पड़ी लाखों की रकम