विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसान के बेटे ने लौटाए दहेज में मिले 11 लाख रुपये, एक रुपये से पूरी की रस्म; दुल्हन को बताया सबसे बड़ा उपहार

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:00 PM (IST)

नोएडा के जेवर में एक युवक ने अपनी सगाई में लड़की पक्ष से मिले लाखों रुपये लौटा दिया। उन्होंने दहेज प्रथा के खिलाफ संदेश देते हुए कहा कि दुल्हन ही उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है।

दूल्हे ने लौटाए सगाई में मिले 11 लाख रुपये। फोटो-जागरण

दूल्हे ने लौटाए सगाई में मिले 11 लाख रुपये। फोटो-जागरण

HighLights

  1. सौरभ भाटी ने सगाई में 11 लाख रुपये लौटाए।

  2. केवल एक रुपये में सगाई की रस्म पूरी की।

  3. दुल्हन को ही सबसे बड़ा उपहार बताया, दहेज का विरोध।

संवाद सहयोगी, नोएडा। दहेज के लिए होने वाली शादियों और दिखावे पर लाखों रुपये खर्च करने की परंपरा के बीच जेवर के गांव करौली बांगर के एक युवक ने अनूठी मिसाल पेश की है।

सगाई समारोह में लड़की पक्ष की ओर से दिए गए 11 लाख रुपये लौटाकर दूल्हे ने महज एक रुपये में सगाई की रस्म पूरी की।

दूल्हे ने दुल्हन को बताया सबसे बड़ा उपहार

युवक ने साफ कहा कि उसे दहेज नहीं चाहिए, उसके लिए दुल्हन ही सबसे बड़ा उपहार है। उसके इस फैसले की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, करौली बांगर निवासी सौरभ भाटी की शनिवार रात बुलंदशहर जिले के हिरनौटी गांव निवासी युवती के साथ सगाई हुई।

एक रुपये लेकर पूरी की रस्म

समारोह में लड़की पक्ष की ओर से परंपरा के अनुसार सौरभ को 11 लाख रुपये नकद दिए गए। हालांकि, सौरभ ने यह रकम लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने लड़की पक्ष को पूरी रकम वापस कर दी और केवल एक रुपये लेकर सगाई की रस्म पूरी की।

दहेज प्रथा के सख्त खिलाफ परिवार

दो भाइयों में छोटे सौरभ के पिता सतवीर सिंह का करीब एक वर्ष पहले निधन हो चुका है। वह खेतीबाड़ी करते हैं। सौरभ का कहना है कि वह दहेज प्रथा के सख्त खिलाफ हैं। शादी जैसे पवित्र रिश्ते की शुरुआत रुपये और सामान के लेनदेन से नहीं होनी चाहिए।

दहेज के नाम पर होने वाला दिखावा और फिजूलखर्ची समाज में अनावश्यक बोझ बढ़ाते हैं। वह अपने इस फैसले से समाज को संदेश देना चाहते हैं कि बेटियों को सम्मान और रिश्तों को अहमियत दी जानी चाहिए, न कि दहेज को।

गांव में हो रही दुल्हे की चर्चा

सौरभ के इस फैसले की ग्रामीण और क्षेत्र के लोग सराहना कर रहे हैं। लोग उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। सगाई में लौटाए गए 11 लाख रुपये से ज्यादा चर्चा उस सोच की हो रही है, जिसमें दहेज के बजाय जीवनसाथी को ही सबसे बड़ा उपहार माना गया।

यह भी पढ़ें- नोएडा के दो नए एलिवेटेड रोड के टेंडर नियमों में बड़ा बदलाव, निर्माण कंपनी को 10 साल तक करना होगा रखरखाव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।