नोएडा के दो नए एलिवेटेड रोड के टेंडर नियमों में बड़ा बदलाव, निर्माण कंपनी को 10 साल तक करना होगा रखरखाव
नोएडा प्राधिकरण ने दो एलिवेटेड रोड के टेंडर नियमों में बदलाव किया है, अब निर्माण कंपनियों को 10 साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी निभानी होगी।
-1795958766663_m.webp)
नोएडा एलिवेटेड रोड की मरम्मत की जिम्मेदारी अब 10 साल तक निर्माण कंपनी की होगी। फोटो
HighLights
नोएडा प्राधिकरण ने एलिवेटेड रोड टेंडर नियमों में बदलाव किया।
निर्माण कंपनियों को अब 10 साल रखरखाव की जिम्मेदारी।
खराबियों के कारण पुराने एलिवेटेड रोड पर खर्च हुए करोड़ों।
कुंदन तिवारी, नोएडा। नोएडा में बनने वाले नए एलिवेटेड रोड की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्राधिकरण ने टेंडर नियमों में बदलाव किया है। अब निर्माण पूरा होने के बाद संबंधित कंपनी को 10 वर्ष तक रोड के रखरखाव की जिम्मेदारी निभानी होगी। पहले यह अवधि केवल एक वर्ष थी।
यह बदलाव मास्टर प्लान रोड नंबर-1 पर प्रस्तावित एक हजार करोड़ रुपये से तैयार होने वाले 5.5 किलोमीटर लंबे छह लेन के एलिवेटेड रोड और चिल्ला एलिवेटेड रोड को महामाया फ्लाईओवर से यमुना तटबंध तक जोड़ने वाले 350 करोड़ से बनने वाले 2.3 किलोमीटर लंबे लिंक एलिवेटेड रोड के टेंडर नियमों में किया गया है, क्योंकि दोनों परियोजनाओं का निर्माण तीन वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य प्राधिकरण ने रखा है।
10 साल तक कंपनी की होगी रखरखाव की जिम्मेदारी
इसकी विस्तृत कार्ययोजना आईआईटी रुड़की से मंजूर होकर आ चुकी है। निर्माण के बाद अगले 10 वर्ष तक निर्माण कंपनी को मरम्मत, रखरखाव और गुणवत्ता से जुड़ी जिम्मेदारियां अब निर्माण कंपनियों को निभानी होंगी।
हालांकि एनसीआर के किसी शहर में सड़क का पांच वर्ष से अधिक रखरखाव का नियम अभी कही भी नहीं है, लेकिन नोएडा प्राधिकरण ने दस वर्ष का नियम लागू कर टेंडर हासिल करने की प्रतिस्पर्धा व निर्माण गुणवत्ता के बीच लक्ष्मण रेखा अवश्य खींच दी है।
बार-बार आ रही शिकायत
बता दें कि प्राधिकरण ने यह फैसला सेक्टर-27, 28 से सेक्टर-60, 61 के बीच बने करीब 4.8 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड में बार-बार सामने आई खामियों के बाद लिया है। वर्ष 2017 में यातायात के लिए खोले गए इस मार्ग पर कई बार सड़क धंसने, गड्ढे होने और सतह खराब होने की शिकायतें मिली हैं।
हाल में अलग-अलग स्थानों पर सड़क धंसने के बाद 20 अक्टूबर से एक कैरिजवे पर यातायात बंद करना पड़ा। इस एलिवेटेड रोड के निर्माण पर करीब 480 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।
इसके बावजूद मार्च 2024 में मरम्मत और पुनर्स्थापन पर प्राधिकरण को करीब 14.55 करोड़ रुपये खर्च करने पड़े। बार-बार सड़क धंसने की घटनाओं की तकनीकी जांच के लिए आइआइटी रुड़की की मदद भी ली गई है।
बजट पर बढ़ रहा बोझ
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक पुराने नियमों में एक वर्ष बाद सड़क में खामी आने पर निर्माण कंपनी की जवाबदेही तय करना मुश्किल था। नई शर्त से कंपनियों पर बेहतर सामग्री और तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण करने का दबाव रहेगा। साथ ही, खराबियों को ठीक कराने के लिए प्राधिकरण को बार-बार अतिरिक्त बजट खर्च नहीं करना पड़ेगा।
मौजूदा एलिवेटेड रोड में बार-बार आ रही समस्याओं और इसके बंद होने की स्थिति को देखते हुए शीर्ष अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। भविष्य की परियोजनाओं में निर्माण कंपनियों की जवाबदेही बढ़ाने के लिए टेंडर नियमों में बदलाव का निर्णय लिया गया है।
-एसपी सिंह, महाप्रबंधक सिविल, नोएडा प्राधिकरण
यह भी पढ़ें- लोक अदालत में चालान की जुर्माना राशि जमा करने के लिए उमड़ी भीड़, ग्रेटर नोएडा में लंबित पड़े मामलों का निपटारा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।