नोएडा में पीने के पानी का संकट, 21 अक्टूबर से 25 दिन नहीं आएगा गंगाजल; प्राधिकरण ने शुरू की तैयारी
गंगनहर की सालाना सफाई के कारण 21 अक्टूबर से गाजियाबाद के रास्ते नोएडा आने वाली गंगाजल की आपूर्ति करीब 25 ...और पढ़ें

नोएडा के लोगों को 25 दिन नहीं मिलेगा गंगाजल। फोटो: आर्काइव
HighLights
गंगनहर की सफाई के कारण गंगाजल आपूर्ति 25 दिन बंद
नोएडा में पेयजल उपलब्धता प्रभावित होने की आशंका बनी
प्राधिकरण ने नलकूप, रेनीवेल मरम्मत जैसे वैकल्पिक इंतजाम किए
जागरण संवाददाता, नोएडा। गंगनहर की सालाना सफाई के कारण 21 अक्टूबर से गाजियाबाद के रास्ते नोएडा आने वाली गंगाजल की आपूर्ति करीब 25 दिनों तक पूरी तरह बंद रहेगी। इससे शहर में पेयजल की उपलब्धता प्रभावित होने की आशंका है।
25 दिन बंद रहेगी गंगाजल की आपूर्ति
नोएडा प्राधिकरण ने संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक इंतजाम शुरू कर दिए हैं। प्राधिकरण के जल विभाग ने नलकूप और रेनीवेल की मरम्मत कराने की तैयारी की है।
अधिकारियों के मुताबिक, अगले 12 दिनों में नलकूप दुरुस्त किए जाएंगे। रेनीवेल की मरम्मत भी कराई जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर उनसे पानी की आपूर्ति बढ़ाई जा सके।
गंगाजल की सप्लाई बंद रहने के दौरान इन वैकल्पिक स्रोतों के जरिए शहरवासियों को राहत देने की कोशिश होगी।
नलकूप और रेनीवेल से बढ़ेगी आपूर्ति
प्राधिकरण के जल विभाग के महाप्रबंधक आरपी सिंह ने बताया कि नलकूप और रेनीवेल को पूरी क्षमता से चलाया जाएगा। इसके बावजूद कुछ इलाकों में पानी की कमी हो सकती है।
ऐसे स्थानों पर जरूरत के अनुसार टैंकरों से पानी पहुंचाया जाएगा। सिंह के अनुसार, इस बार पिछले वर्ष की तुलना में 40 नलकूप ज्यादा तैयार हैं।
रेनीवेल से भी 100 मिलियन लीटर डेली (एमएलडी) से अधिक पानी उपलब्ध है। प्राधिकरण इन स्रोतों के सहारे आपूर्ति सामान्य बनाए रखने का प्रयास करेगा।
कुछ इलाकों में पानी की कमी की आशंका
गंगनहर की सफाई के दौरान आपूर्ति बंद होने से पेयजल की उपलब्धता और गुणवत्ता, दोनों प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में प्राधिकरण के सामने सभी सेक्टरों में पर्याप्त पानी पहुंचाने और किसी भी इलाके में लंबे समय तक संकट न बनने देने की चुनौती होगी।
