विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में छात्र की मौत, सीमा विवाद में 4 घंटे नहीं भरा पंचनामा; सड़क जाम की तो पहुंची पुलिस

Published: Fri, 09 Oct 2026 09:05 PM (GMT+05:30)

ग्रेटर नोएडा में 11वीं के छात्र बंटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने दोस्तों पर ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में कासना सूरजपुर रोड पर कैलाश अस्पताल के सामने सड़क पर बैठकर जाम लगाते मृतक युवक के स्वजन। फोटाे: जागरण

ग्रेटर नोएडा में कासना सूरजपुर रोड पर कैलाश अस्पताल के सामने सड़क पर बैठकर जाम लगाते मृतक युवक के स्वजन। फोटाे: जागरण

HighLights

  1. 11वीं के छात्र बंटी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत

  2. पुलिस के सीमा विवाद के कारण पंचनामा भरने में देरी

  3. गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। बीटा दो कोतवाली अंतर्गत बिरौड़ा गांव निवासी कक्षा 11वीं के छात्र बंटी उर्फ राकी उर्फ गोलू (20) बृहस्पतिवार रात दो दोस्तों के साथ निकला था। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में देर रात वह संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में मिला।

स्वजन ने उसे कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार दोपहर मौत हो गई। घटना के बाद से फरार दोस्तों से पूछताछ व पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराने स्वजन व ग्रामीण सुबह से दोपहर तक पुलिस चौकियों के चक्कर लगाते रहे।

सुनवाई नहीं होने पर मजबूरन कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी, तब तीन कोतवाली की पुलिस और अधिकारी पहुंचे। इस दौरान सूरजपुर-कासना रोड पर करीब एक घंटे जाम लगा रहा।

बिरौंड़ा निवासी सुधीर भाटी के मुताबिक, बंटी उनका चचेरा भाई था। वह पीडीएस नामक स्कूल में पढ़ता था। रात करीब 12 बजे दादरी का रहने वाला दोस्त वैभव व एक अन्य दोस्त घूमने के बहाने घर से बुला कर बाइक से ले गए थे।

करीब 1:30 बजे खेड़ा गांव निवासी अनिल नामक युवक ने काल कर बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पार्क के पास बंटी है। वह हादसे में घायल हो गया है। सुधीर स्वजन के साथ मौके पर पहुंचे तो बंटी बेहोशी की हालत में मिला।

सुधीर का आरोप है कि बंटी के मुंह से झाग निकल रहा था, लेकिन शरीर पर चोट के कोई गंभीर निशान नहीं थे। उसे कैलाश अस्पताल पहुंचाया, जहां दोपहर करीब डेढ़ बजे मौत हो गई।

सुधीर को दोनों दोस्तों द्वारा किसी बात को लेकर बंटी के साथ अनहोनी करने की आशंका है। इसी के चलते सुबह करीब आठ बजे दोनों दाेस्तों पर मामला दर्ज कर घटनाक्रम की जानकारी के लिए सूरजपुर कोतवाली अंतर्गत आने वाली जुनपत पुलिस चौकी पहुंचे।

यहां पर घटना स्थल बीटा कोतवाली क्षेत्र की सीमा में होना बता ऐच्छर पुलिस चौकी भेज दिया। यहां भी सीमा विवाद बता सुनवाई नहीं की जा रही थी। इसी बीच करीब डेढ़ बजे बंटी की अस्पताल में मौत होने की जानकारी हुई।

पंचनामा भरने के लिए फिर से घटना स्थल को लेकर सीमा विवाद में स्वजन को टरकाया जाने लगा। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कैलाश अस्पताल से शव का पंचनामा भरने के लिए मेमो नालेज पार्क कोतवाली, यहां से सूरजपुर और वहां से बीटा दो कोतवाली भेजा गया।

तीनों कोतवाली पुलिस यह कर पल्ला झाड़ती रही कि उनकी सीमा क्षेत्र का मामला नहीं है। करीब डेढ़ घंटे पंचनामा नहीं भरने से गुस्साए स्वजन ने ग्रामीणों के साथ कैलाश अस्पताल के सामने सड़क पर बैठक कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

तब एसीपी नालेज पार्क कृष्ण पाल सिंह और तीनों कोतवाली प्रभारी फोर्स के साथ पहुंचे। किसी तरह समझा बुझा कर स्वजन को शांत किया।

बंटी के स्वजन मारपीट करेंगे बता, दूसरे दोस्त के पास... 

मृतक बंटी के चचेरे भाई सुधीर भाटी का कहना है कि रात करीब 1:30 बजे खेड़ा गांव निवासी अनिल ने उनके पास काॅल कर बताया कि ग्रनो प्राधिकरण के पास हैं।

बंटी उनके पास है, जल्दी से आ जाओ। सुधीर को अनिल ने बताया कि गौरव व उसका साथी बंटी को बाइक पर बीच में बिठाकर बेहोशी की हालत में उनके पास छोड़ कर गया है।

पाली अंडरपास के समीप सड़क हादसे में बंटी घायल हो गया। अनिल ने गौरव से सवाल किया तो कहा कि बंटी को घर छोड़ने जाएगा तो उसके स्वजन मारपीट करेंगे। कैसे व किस वाहन से घायल हुआ यह नहीं बताया।

क्यों उठा सीमा विवाद?

दरअसल बंटी के दोस्त गाैरव ने बताया था कि पाली अंडरपास के समीप सड़क हादसा हुआ है। यह स्थान जुनपत पुलिस चौकी की सीमा में है, जाेकि सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में है। बंटी को बेहोशी क हालत में ग्रेनो प्राधिकरण के पार्क के पास छोड़ गए थे, यह स्थान पर सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में आता है।

वहीं बंटी जिस बिरौंडा गांव में रहता है, वह बीटा दो कोतवाली क्षेत्र में आता है, जिस कैलाश अस्पताल में बंटी की मौत हुई वह नालेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में आता है। फिलहाल नियमानुसार जिस कोतवाली क्षेत्र में हादसा होता है, कार्रवाई की जिम्मेदारी उसी की होती है।

सीमा विवाद में सुनवाई नहीं होने की बात सही नहीं है। घटना स्थल दूसरी कोतवाली क्षेत्र में है। कैलाश अस्पताल में मौत हुई है, जो नाॅलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में आता है। मामला संज्ञान में आते ही नालेज पार्क कोतवाली पुलिस ने पंचनामा भर कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि बीटा दो कोतवाली में स्वजन से तहरीर लेकर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पीड़ित स्वजन जो आरोप लगा रहे हैं, उनकी जांच कराएंगे, यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

- रवि शंकर निम, डीसीपी, ग्रेटर नोएडा

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा: हाईराइज सोसायटी में 12वीं मंजिल से कूदकर युवक ने दी जान, जांच में जुटी पुलिस