ग्रेटर नोएडा: हाईराइज सोसायटी में 12वीं मंजिल से कूदकर युवक ने दी जान, जांच में जुटी पुलिस
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ऐस डिविनो सोसायटी में शुक्रवार तड़के एक 36 वर्षीय टेक कर्मी ने 12वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
-1791540370094_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated image)
HighLights
ग्रेटर नोएडा की ऐस डिविनो सोसायटी में युवक ने की आत्महत्या
36 वर्षीय टेक कर्मी ने 12वीं मंजिल से कूदकर जान दी
पुलिस के अनुसार, मानसिक तनाव के कारण उठाया यह कदम
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटियों में हादसों और खुदकुशी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित ऐस डिविनो (Ace Divino) सोसायटी में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।
घटना में 36 वर्षीय एक युवक ने 12वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर गांव निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तड़के 5:30 बजे पुलिस को मिली सूचना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि ऐस डिविनो सोसायटी के एक टावर की 12वीं मंजिल से एक युवक नीचे गिर गया है। अचानक तेज आवाज सुनकर सोसायटी के सुरक्षा गार्ड और आसपास के निवासी मौके पर पहुंचे, तो युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।
पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
तनाव कम करने फूफा के घर आए थे अनिल
जांच में सामने आया है कि मृतक अनिल कुमार पेशे से टेक कर्मी थे और ग्रेटर नोएडा के टेक जोन स्थित एक कंपनी में कार्यरत थे। वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ नोएडा में ही रह रहे थे। स्वजनों ने बताया कि अनिल पिछले काफी समय से अत्यधिक मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से गुजर रहे थे। उनका तनाव और डिप्रेशन कम हो सके, इसके लिए उनके फूफा ने उन्हें अपने पास रहने के लिए बुला लिया था।
अनिल महज 3 दिन पहले ही ऐस डिविनो सोसायटी में रह रहे अपने फूफा के घर आए थे। परिवार को उम्मीद थी कि माहौल बदलने से उनकी मानसिक स्थिति में सुधार होगा, लेकिन शुक्रवार तड़के उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना बिसरख प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, और मानसिक तनाव के पीछे पारिवारिक या काम से जुड़ा कोई दबाव था, इन सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।
