विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में किसानों को अतिक्रमणकारी बताने पर रोष, 81 गांवों की बैठक में उठी आवाज- मालिकाना हक मिलने तक चलाएंगे मुहिम

Published: Fri, 02 Oct 2026 05:23 PM (IST)

भारतीय किसान संगठन ने सर्फाबाद में बैठक कर नोएडा प्राधिकरण द्वारा किसानों को अतिक्रमणकारी बताए जाने पर रोष व्यक्त किया। मालिकाना हक मिलने तक मुहिम जारी रखने का ऐलान किया।

HighLights

  1. नोएडा प्राधिकरण द्वारा किसानों को अतिक्रमणकारी बताने पर गहरा रोष।

  2. स्थायी सीवर-पानी कनेक्शन और आबादी निस्तारण की प्रमुख मांग।

  3. मालिकाना हक मिलने तक किसानों की मुहिम जारी रहेगी।

जागरण संवाददाता, नोएडा। 81 गांवों की समस्याओं पर चर्चा के लिए शुक्रवार को ग्राम सर्फाबाद में भारतीय किसान संगठन की बैठक आयोजित की गई। किसानों को अतिक्रमणकारी कहे जाने पर रोष व्यक्त किया गया। प्राधिकरण की ओर से गांवों में सीवर और जल के स्थाई कनेक्शन देने के लिए शिविर लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता पप्पू पहलवान ने की।

किसानों के नाम काट प्राधिकरण में दर्ज किया

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र यादव ने कहा कि नोएडा विकास प्राधिकरण ने स्थानीय किसानों को अतिक्रमणकारी बताया है, जबकि किसानों ने सीधे तौर पर प्राधिकरण को जमीन नहीं दी। असल में, जमीन जिला प्रशासन को दी गई थी, जिसने इसे नोएडा प्राधिकरण को सौंपा।

किसान आज भी अपनी जमीन पर काबिज हैं, जिसका प्रतिकर उन्होंने नहीं लिया। जिला प्रशासन ने किसानों के नाम काटकर प्राधिकरण में दर्ज कर दिया है। इस मामले में किसान नहीं, बल्कि जिला प्रशासन दोषी है। प्राधिकरण को जिला प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, न कि किसानों के खिलाफ।

आबादी निस्तारण पर ध्यान देने की है जरूरत

महानगर अध्यक्ष दीपू यादव ने कहा कि स्थाई सीवर और पानी कनेक्शन देने में क्या समस्या है, जबकि ग्रामीण इसे चाहते हैं। अधिकांश गांवों में जल और सीवर की आपूर्ति सुचारू है, फिर भी कनेक्शन में क्या दिक्कत है? सभी ग्रामवासी स्थाई कनेक्शन की मांग कर रहे हैं। किसान गजेंद्र ने कहा कि हमें आबादी निस्तारण पर ध्यान देना चाहिए।

बैठक में 81 गांवों की समस्याओं पर जोर

नोएडा प्राधिकरण हमें अतिक्रमणकारी बता रहा है, जबकि जमीन हमारी है। जब तक हम अपने घर के असली मालिक नहीं बन जाते, यह मुहिम जारी रहेगी। बैठक में 81 गांवों की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया। इस अवसर पर आदेश यादव पहलाद, गजेंद्र यादव, मुकेश यादव, मस्तराम यादव, केपी सिंह, पूर्ण प्रधान पिंटू पहलवान, पप्पू यादव, राकेश यादव, राहुल यादव समेत अन्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- नोएडा में मोबाइल स्नैचर की कुटाई, सेक्टर-77 की सोसायटी के लोगों का एक्शन; CCTV खंगाल रही पुलिस 

यह भी पढ़ें- नोएडा में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार और ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग