अब नोएडा में बिना प्रवेश किए ग्रेनो-मथुरा-आगरा-लखनऊ पहुंचने की राह हुई आसान, रोज के जाम से मिलेगी मुक्ति
नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए एक स्थायी समाधान ...और पढ़ें

डीएनडी फ्लाइवे टोल प्लाजा पर एक क्लोवर लीफ के जरिये नोएडा सेक्टर-94 तक करीब तीन किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड से मिलेगा समाधान।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नोएडा। सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर प्रतिदिन लाखों लोग यातायात जाम से जुझते हैं। इससे उन्हें रुपये और समय की हानि होती है। इस समस्या के स्थाई हल के लिए नोएडा प्राधिकरण लगातार प्रयास कर रहा था, जिसमें सफलता मिल चुकी है। अब डीएनडी फ्लाइवे टोल प्लाजा पर एक क्लोवर लीफ के जरिये नोएडा सेक्टर-94 तक करीब तीन किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड यमुना तटबंध (ओखला पक्षी विहार) पर पिलर के जरिये नोएडा प्राधिकरण तैयार करेगा।
इससे डीएनडी फ्लाइवे के रास्ते प्रतिदिन दिल्ली से शहर में आने जाने वाले करीब 2.5 लाख वाहनों को नोएडा में बिना प्रवेश किए ही बाहर-बाहर निकाल दिया जाएगा। इससे वह ग्रेटर नोएडा, मथुरा, आगरा, लखनऊ आ जा सकेंगे। इसके लिए उन्हें नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर आने जाने से भी राहत मिल जाएगी। इस एलिवेटेड रोड की कार्ययोजना पर नोएडा प्राधिकरण ने काम शुरू कर दिया है।
प्राधिकरण की ओर से इस रूट की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। देखा जा रहा है कि डीएनडी फ्लाइवे पर कहां से एलिवेटेड रोड को उठाया जा सकता है और कहां पर इसको महामाया फ्लाईओवर के आगे किस तरह से उतार कर जोड़ा जा सकता है। इसके बाद काम शुरू होगा। बता दे कि इस नए एलिवेटेड रोड को महामाया फ्लाइओवर के आगे कालिंदी कुंज की ओर सेक्टर-94 व 95 के मध्य उतारा जाएगा।
यहां पर निर्माणाधीन चिल्ला एलिवेटेड रोड और यूपीडा की ओर से यमुना तटबंध पर प्रस्तावित छह लेन के 31.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड एक्सप्रेसवे रोड से क्लोवर लीफ के जरिये जोड़ जाएगा। यहां पर यह एलिवेटेड रोड महामाया फ्लाईओवर से यह स्वत: ही जुड़ जाएगा। इससे राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल की ओर आने जाने वाले यातायात को रोका जा सकेगा, बाहर ही बाहर निकाल दिया जाएगा।
"नया एलिवेटेड रोड करीब तीन किमी का होगा। इसे डीएनडी के पास यमुना तटबंध पर ओखला पक्षी विहार के रास्ते लाया जाएगा। महामाया व डीएनडी फ्लाईओवर के दोनों स्थानों को क्लोवर लीफ के जरिये जोड़ा जाएगा। इससे वाहन चालकों को चढ़ने और उतरने में दिक्कत नहीं होगी। यातायात जाम की समस्या पूरी तरह से खत्म होगी।"
-कृष्णा करुणेश, सीईओ, नोएडा प्राधिकरण।
यह भी पढ़ें- नोएडा-ग्रेटर नोएडा में डबल डेकर बसों का सफर, बॉटेनिकल गार्डन से परी चौक और एकमूर्ति तक दौड़ेंगी 8 बसें
यह भी पढ़ें- दक्षिण दिल्ली को जाम से मिलेगी मुक्ति, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का 8 किमी सेक्शन तैयार; गडकरी निरीक्षण करेंगे
