नोएडा में एक महीने से एलिवेटेड रोड बंद, सर्विस रोड पर लग रहा घंटों जाम; उच्चस्तरीय जांच और तत्काल मरम्मत की मांग
नोएडा में सेक्टर 61-60 से सेक्टर 18 तक का व्यस्त एलिवेटेड रोड एक महीने से बंद है, जिससे लाखों वाहन चालकों को भारी जाम का सामना करना पड़ रहा है।
-1794672241017_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
नोएडा एलिवेटेड रोड एक महीने से बंद, यातायात बाधित।
सड़क धंसने से लाखों वाहन चालक घंटों जाम में फंसे।
किसान यूनियन ने प्राधिकरण से तत्काल मरम्मत और जांच की मांग की।
कुंदन तिवारी, नोएडा। सेक्टर-61-60 से सेक्टर-28-29 होकर सेक्टर-18 और अट्टा बाजार जाने वाला शहर का व्यस्त एलिवेटेड रोड पिछले एक माह से बंद है। सड़क पहले भी धंस चुकी थी और अब फिर धंसने से आवागमन प्रभावित है। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के महानगर उपाध्यक्ष (युवा) अरुण गौतम ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण ने न तो नीचे वैकल्पिक व्यवस्था की है और न ही एलिवेटेड रोड की मरम्मत शुरू कराई है।
एलिवेटेड रोड पर गड्ढ़ा होने की जांच
नोएडा प्राधिकरण महाप्रबंधक सिविल एसपी सिंह ने कहा कि एलिवेटेड रोड पर गड्ढ़ा होने की जांच आइआइटी रुड़की ने की है, रिपोर्ट प्राधिकरण को अभी नहीं सौंपी है। रिपोर्ट आने के बाद कारणों का पता चलेगा, उसके बाद मरम्मत कार्य होगा।
संगठन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने इसे प्राधिकरण की लापरवाही और भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए कहा कि आठ-दस साल में यह दूसरी-तीसरी बार है, जब सड़क में खराबी के कारण मार्ग बंद करना पड़ा। उनके मुताबिक, इससे निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की आशंका है।
हर दिन लाखों वाहनों का दबाव
इस मार्ग से दिल्ली और कालिंदी कुंज होकर रोजाना लाखों वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा आते हैं। एलिवेटेड रोड बंद होने से वाहनों का दबाव सर्विस रोड पर बढ़ गया है और सुबह-शाम घंटों जाम लग रहा है। नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और मरीजों को 1 से 2 घंटे अतिरिक्त जाम में बिताने पड़ रहे हैं।
तत्काल मरम्मत कराने की मांग
चौधरी बीसी प्रधान ने मरम्मत तत्काल शुरू कराने, निर्माण में शामिल ठेकेदार कंपनी और संबंधित जेई, एई व प्रोजेक्ट इंजीनियरों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मार्ग चालू होने तक ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए और पुख्ता डायवर्जन व्यवस्था हो।
प्राधिकरण से सड़क बार-बार धंसने की वजह बताने और जिम्मेदार अधिकारी को काम सौंपने की मांग भी की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो संगठन प्राधिकरण कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगा। इसकी जिम्मेदारी शासन, प्रशासन और प्राधिकरण की होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।