दाल में मटन के टुकड़े, चावल में कीड़े व सब्जी में परोस रहे इल्लियां; भारतीय पाक कला संस्थान का मामला पहुंचा मंत्रालय
सेक्टर 62 स्थित भारतीय पाक कला संस्थान के हॉस्टल मेस में छात्रों को कीड़े वाला और दूषित खाना परोसा जा ...और पढ़ें

पके चावल में काले कीड़े, दाल में मटन के टुकड़े और सब्जी में मरी हुई इल्ली मिलने से छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ी।
HighLights
भारतीय पाक कला संस्थान के मेस में दूषित खाना परोसा गया।
छात्रों को दाल में मटन और खाने में कीड़े मिले।
अभिभावकों ने पर्यटन मंत्रालय से की लापरवाही की शिकायत।
चेतना राठौर जागरण, नोएडा। जिस संस्थान की स्थापना देश और दुनिया को पाक कला का हुनर सिखाने के लिए की गई थी, वहां के छात्रों को कीड़े वाला खाना परोसा जा रहा है।
सेक्टर 62 स्थित भारतीय पाक कला संस्थान के हाॅस्टल मेस का खाना अब छात्रों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। बीबीए और एमबीए के छात्रों का आरोप है कि मेस के खाने में रोज किसी न किसी की थाली में कीड़े निकलते हैं।
कभी चावल में काले कीड़े तो कभी सब्जी में इल्लियां। हालात तब और बिगड़ गए जब शाकाहारी भोजन में मटन मिलने की शिकायतें आईं।
दाल में तैरते मिले मटन के टुकड़े
एक छात्र ने बताया कि 2 सितंबर को मेस में दाल में मटन के टुकड़े निकले, जिससे छात्रों में हड़कंप मच गया। इसके अलावा चार दिन पहले चावल में काला कीड़ा और सब्जी में रेंगती इल्लियां भी मिलीं। कई छात्रों की थालियों में कीड़े पाए गए।
एक ओर जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोटे अनाज मिलेट्स और भारतीय खान-पान को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने पर जोर दे रहे हैं, वहीं, पर्यटन मंत्रालय के अधीन आने वाला यह संस्थान स्वच्छता के बुनियादी नियमों को भी पूरा करने में असफल साबित हो रहा है।
211 छात्रों को मिल रहा कीड़े वाला खाना
इस हास्टल मेस में केवल भारतीय पाक कला संस्थान के ही नहीं, बल्कि भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान और नेशनल काउंसिल फाॅर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी के छात्र भी एक साथ खाना खाते हैं। लगभग 211 छात्र एक साथ मेस में भोजन करते हैं। सभी छात्रों ने मिलकर लिखित में केंटीन इंचार्ज को शिकायत की है।
अभिभावकों ने मंत्रालय में की शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रों के अभिभावकों ने भी कड़ा रुख अपनाया है। अभिभावक प्रमोद मेहता ने इस लापरवाही की शिकायत ई-मेल के माध्यम से पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार और एनसीएचएमसीटी सीईओ ज्ञान भूषण से की है। काॅलेज परिसर में बैठै छात्रा ने बताया उसकी थाली के चावल कीड़ा निकला क्योंकि मेस में बनी पाइप लाइन में बहुत कीड़ें हो रहे हैं जहां से कीड़े गिरते हैं।
"संस्थान ने मामले की जांच के लिए फूड कमेटी गठित की है। जांच के बाद कमेटी रिपोर्ट काउंसिल को सौंपेगी।"
-डाॅ. सतवीर सिंह, एकेडमिक इंचार्ज, भारतीय पाक कला संस्थान।
यह भी पढ़ें- पहचान बदलकर मुंबई में कर रहा था डेंटिंग का काम, नोएडा पुलिस ने इनामी शातिर को कुर्ला से दबोचा
यह भी पढ़ें- राकेश टिकैत का बड़ा एलान, मांगें पूरी होने तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बाहर जारी रहेगा धरना
