विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली से पहले घर पहुंचने की होड़ में लोग, वेतन मिलते ही देर शाम सड़कों पर बढ़ी भीड; NH-9 पर लगी लंबी कतार

Published: Sat, 07 Nov 2026 07:04 PM (IST)Updated: Sat, 07 Nov 2026 07:42 PM (IST)

नोएडा में वेतन मिलने के बाद कामगारों की घर लौटने की होड़ से बस स्टॉपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ...और पढ़ें

एनएच-9 पर भारी भीड़। फोटो- सौरभ कुमार राय

एनएच-9 पर भारी भीड़। फोटो- सौरभ कुमार राय

HighLights

  1. वेतन मिलने के बाद कामगारों की घर लौटने की होड़।

  2. नोएडा के बस स्टॉपों पर यात्रियों की भारी भीड़।

  3. सीमित बसों के कारण धक्का-मुक्की और लंबी प्रतीक्षा।

जागरण संवाददाता, नोएडा। दिनभर फैक्ट्रियों और कंपनियों में कार्य करने के बाद जब कामगारों के हाथ में वेतन पहुंचा तो शाम होते ही घर लौटने की होड़ लग गई। एक साथ हजारों कर्मचारियों के बाहर निकलने से शहर के प्रमुख बस स्टॉप और सड़कों पर यात्रियों का हुजूम उमड़ पड़ा।

बसों के इंतजार में लोगों की लंबी कतारें लग गईं। हालत यह रही कि बस आते ही उसमें चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्कामुक्की शुरू हो गई।

घर पहुंचने की कोशिश में लोग

खचाखच भरी बसों में कई लोगों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिली। सीट मिलना तो दूर, काफी यात्रियों को खड़े होकर सफर करने के लिए भी मशक्कत करनी पड़ी। जिन लोगों को बस नहीं मिली, उन्हें घंटों सड़क किनारे अगली बस का इंतजार करना पड़ा।

इन स्थानों पर उमड़ी भीड़

 

नोएडा के सेक्टर-62 स्थित मॉडल टाउन और छिजारसी कट ऐसे प्रमुख स्थान हैं, जहां शाम के समय यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है। मॉडल टाउन से गाजियाबाद, हापुड़, पिलखुवा, मेरठ, बुलंदशहर, मुरादाबाद और बरेली की ओर जाने वाले यात्रियों को बसें मिलती हैं।

इसके अलावा दिल्ली और नोएडा के विभिन्न हिस्सों में जाने वाले लोग भी इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। वहीं छिजारसी कट से एनएच-9, गाजियाबाद, हापुड़ और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों की आवाजाही रहती है।

सेक्टर-63 से 68 के औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत कामगारों ने घर जाने के लिए यहां से बसें पकड़ी। सड़कों पर सैकड़ों यात्रियों की भीड़ रही।

बसों की सीमित उपलब्धता

शहर में बस पकड़ने के लिए सेक्टर-37, बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-62, सेक्टर-12-22 और सेक्टर-35 भी प्रमुख स्थान हैं। सेक्टर-37 से मेरठ, हापुड़ और अन्य शहरों के लिए बसें मिलती हैं। बॉटेनिकल गार्डन से दिल्ली, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और जेवर की ओर बस सेवाएं जुड़ती हैं।

सेक्टर-62 से कासना और ग्रेटर नोएडा की ओर भी बसों का संचालन होता है। शाम की इस भीड़ ने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर यात्रियों की निर्भरता और बसों की सीमित उपलब्धता की परेशानी को उजागर कर दिया।

वेतन मिलने की खुशी में घर लौटने निकले कामगारों का सफर बसों की कमी और लंबी प्रतीक्षा के चलते थकान भरा बन गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के वजीरपुर में युवती की कार्यस्थल पर अधेड़ ने खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।