विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में बोटेनिकल गार्डन बस टर्मिनल बनेगा मॉडर्न ट्रांसपोर्ट हब, EV चार्जिंग और LED स्क्रीन पर खर्च होंगे 9 करोड़

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:43 AM (IST)Updated: Wed, 25 Nov 2026 11:47 AM (IST)

नोएडा के बोटेनिकल गार्डन बस टर्मिनल को इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए 9.45 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड किया जा रहा है। इसमें चार ईवी चार्जिंग स्टेशन, फसाड लाइट और एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिसका टेंडर जारी हो चुका है।

बोटेनिकल गार्डन बस स्टेशन। जागरण आर्काइव

बोटेनिकल गार्डन बस स्टेशन। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. बोटेनिकल गार्डन बस टर्मिनल का 9.45 करोड़ से होगा आधुनिकीकरण।

  2. इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार नए ईवी चार्जिंग स्टेशन बनेंगे।

  3. टर्मिनल पर फसाड लाइटें और यात्रियों के लिए एलईडी स्क्रीन।

जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा के प्रमुख बस टर्मिनल बोटेनिकल गार्डन को इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए तैयार किया जा रहा है। यहां आने वाले समय में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने की योजना है। इसे देखते हुए नोएडा प्राधिकरण टर्मिनल परिसर में चार ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाएगा।

बाहरी दीवारों पर फसाड लाइट लगेंगी और यात्रियों की जानकारी के लिए एलईडी स्क्रीन भी स्थापित की जाएंगी। इन कार्यों पर करीब 9.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

लंबी दूरी के लिए चलती हैं बसें

सेक्टर-38 ए स्थित यह टर्मिनल शहर के सार्वजनिक परिवहन का अहम केंद्र है। यहां से नोएडा के विभिन्न सेक्टरों के अलावा दिल्ली और लंबी दूरी के लिए भी बसें चलती हैं। चार्जिंग स्टेशन बनने के बाद इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और चार्जिंग की व्यवस्था परिसर में ही हो सकेगी।

प्राधिकरण ने ईवी चार्जिंग स्टेशन, फसाड लाइट, एलईडी स्क्रीन और बिजली से जुड़े अन्य कार्यों के लिए टेंडर जारी किया है।

3 दिसंबर तक करें आवेदन

महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि इच्छुक एजेंसियां 3 दिसंबर तक आवेदन कर सकती हैं। टेंडर 4 दिसंबर को खोला जाएगा। प्रक्रिया में तीन या इससे अधिक एजेंसियों के शामिल होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

टर्मिनल को नया रूप देने के लिए पहले चरण में सिविल कार्य शुरू हुए थे और परिसर के एक हिस्से में खुदाई भी की गई थी। हालांकि, ग्रैप लागू होने के कारण निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है।

अब अन्य कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। प्राधिकरण इसे बेहतर यात्री सुविधाओं से युक्त आधुनिक परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करना चाहता है।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में ग्रुप हाउसिंग प्लॉट खरीदने का एक और मौका, YEIDA ने फिर बढ़ाई आवेदन की तारीख

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।