नोएडा में मालवाहक वाहनों के लिए बनेगा नया नेटवर्क, पीक ऑवर के डेटा से तैयार हुआ सिटी लॉजिस्टिक प्लान
नोएडा प्राधिकरण ने शहर में बढ़ते मालवाहक वाहनों को व्यवस्थित करने के लिए सिटी लॉजिस्टिक्स प्लान का ड्राफ्ट तैयार किया ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
नोएडा प्राधिकरण ने सिटी लॉजिस्टिक्स प्लान का ड्राफ्ट बनाया।
शहर में ट्रकों की आवाजाही को व्यवस्थित करना मुख्य लक्ष्य।
सड़क नेटवर्क का विस्तार कर भविष्य की जरूरतें पूरी होंगी।
कुंदन तिवारी, नोएडा। शहर में बढ़ते मालवाहक वाहनों की संख्या को ध्यान में रखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने सिटी लॉजिस्टिक प्लान (सीएलपी) का ड्राफ्ट तैयार किया है। इस योजना में शहर की आउटर और इनर सड़कों को जोड़कर ट्रकों की आवाजाही के लिए एक व्यवस्थित नेटवर्क बनाने का प्रस्ताव है।
ड्राफ्ट में यह भी विश्लेषण किया गया है कि शहर के विभिन्न प्रवेश और निकास बिंदुओं पर किस समय कितने ट्रक पहुंचते हैं, विशेषकर पीक ऑवर में ट्रकों की आवाजाही और इसके यातायात पर प्रभाव का अध्ययन किया गया है।
ट्रकों की संख्या को भी किया शामिल
प्लान के निर्माण में औद्योगिक क्षेत्रों में ट्रकों की संख्या और उनकी आवाजाही को भी शामिल किया गया है। यह डेटा दर्शाता है कि किस क्षेत्र में माल ढुलाई के लिए कितने वाहन पहुंचते हैं और उनके आने-जाने का पैटर्न क्या है।
इसके अतिरिक्त एनसीआर के अन्य जिलों से रोजाना नोएडा आने वाले ट्रकों की संख्या का भी अध्ययन किया गया है। लगभग 24 घंटे के ट्रैफिक डेटा का विश्लेषण करने के बाद यह ड्राफ्ट तैयार किया गया है।
बता दें कि केंद्र सरकार ने देश के 25 राज्यों के 100 से अधिक शहरों में सिटी लॉजिस्टिक प्लान तैयार करने की योजना शुरू की है। उत्तर प्रदेश से नोएडा, वाराणसी और मुरादाबाद को इस योजना में शामिल किया गया है।
नोएडा में सर्वे का कार्य जून तक पूरा किया जाना था और अब प्राधिकरण ने ड्राफ्ट तैयार कर आगे की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। सीएलपी के लिए नोएडा प्राधिकरण ने एक समिति भी बनाई है, जिसकी अध्यक्षता एसीईओ कर रहे हैं।
समिति में सिविल और नियोजन विभाग के महाप्रबंधक, वरिष्ठ प्रबंधक और औद्योगिक विभाग के एजीएम शामिल हैं। आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों को भी समिति में शामिल किया गया है। समिति ड्राफ्ट की समीक्षा के बाद इसे बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी करेगी।
सड़क नेटवर्क का विस्तार करना लक्ष्य
ओएसडी क्रांति शेखर सिंह ने बताया कि इस ड्राफ्ट में ट्रकों की मौजूदा आवाजाही, औद्योगिक क्षेत्रों की आवश्यकताएं और शहर के प्रमुख प्रवेश-निकास मार्गों से संबंधित आंकड़ों का अध्ययन किया गया है।
इस योजना का उद्देश्य ट्रकों की आवाजाही को व्यवस्थित करना और भविष्य में बढ़ने वाली लाजिस्टिक जरूरतों के अनुसार सड़क नेटवर्क का विकास करना है।यह ड्राफ्ट अब एक समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे प्राधिकरण बोर्ड और फिर शासन को भेजा जाएगा।
