यमुना अथॉरिटी के 13 सेक्टरों की चमकेगी किस्मत, फलैदा कट से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बनेगी नई सड़क
यमुना प्राधिकरण ने नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के लिए 120 मीटर सड़क के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण ...और पढ़ें

120 मीटर की नई सड़क से बेहतर होगी कनेक्टिविटी। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। यमुना प्राधिकरण ने 120 मीटर रोड से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सेक्टर-22ई से फलैदा कट तक करीब पांच किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इसके बनने से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के कई औद्योगिक, संस्थागत और आवासीय सेक्टरों की एयरपोर्ट तक पहुंच आसान होगी।
120 मीटर रोड से एयरपोर्ट तक मिलेगी कनेक्टिविटी
यमुना एक्सप्रेसवे के दाईं ओर नियोजित करीब 13 सेक्टरों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए यह सड़क बनाई जा रही है। प्रस्तावित सड़क दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के एयरपोर्ट कनेक्टिविटी मार्ग से फलैदा कट के पास जुड़ेगी।
इससे सेक्टर-22ई समेत कई अहम सेक्टरों के लोगों को फायदा होगा।
सेक्टर-22ई संस्थागत सेक्टर है। यहां निजी विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों का निर्माण हो रहा है। सड़क बनने से इस क्षेत्र में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
जमीन विवाद के कारण अधूरा था सड़क निर्माण
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के दाईं ओर नियोजित सेक्टरों के लिए 120 मीटर रोड महत्वपूर्ण है। यह सड़क सलारपुर अंडरपास से होते हुए प्रस्तावित खुर्जा-पलवल एक्सप्रेसवे तक जाएगी।
फिलहाल सलारपुर अंडरपास से सेक्टर-22ई तक करीब आठ किलोमीटर सड़क बनी है। जमीन विवाद के कारण बीच-बीच में कई जगह निर्माण अधूरा रह गया था।
प्राधिकरण अब इन हिस्सों में भी सड़क निर्माण करा रहा है। इसके साथ ही सेक्टर-22ई से फलैदा कट तक करीब पांच किलोमीटर सड़क के लिए जमीन खरीदी जा रही है।
यमुना प्राधिकरण के महाप्रबंधक नियोजन राजेंद्र भाटी के मुताबिक, सड़क निर्माण के लिए जमीन क्रय की जा रही है। इसके बनने से दाईं ओर के औद्योगिक, संस्थागत और आवासीय सेक्टरों की नोएडा एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी हो जाएगी।
इन सेक्टरों को मिलेगा फायदा
सड़क पूरी होने से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के इन सेक्टरों को फायदा होगा:
सेक्टर-24 और 24ए
सेक्टर-25
सेक्टर-22ए, 22बी, 22सी, 22डी, 22ई और 22एफ
सेक्टर-23ए, 23बी, 23सी, 23डी और 23ई
यीडा क्षेत्र की 130 मीटर और 120 मीटर सड़कें खुर्जा-पलवल एक्सप्रेसवे से जुड़ेंगी। इससे क्षेत्र की परिधीय कनेक्टिविटी तैयार होगी और विभिन्न सेक्टरों के बीच आवागमन बेहतर हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- नोएडा में रफ्तार पकड़ेंगी ई-सिटी बसें, 4 रूटों पर बनने जा रही स्पेशल लेन; इस साल मिलेंगी 200 नई बस
यह भी पढ़ें- नोएडा के 40 हजार फ्लैट खरीदारों के लिए खुशखबरी, स्पोर्ट्स सिटी की अड़चन दूर; जल्द मिलेगा ऑक्युपेशन सर्टिफिकेट
