नोएडा एयरपोर्ट से सफर होगा आसान, 24 घंटे मिलेगी टैक्सी और कैब सेवा; 17 जिलों से बस कनेक्टिविटी की तैयारी
प्रधानमंत्री मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया है। फिलहाल सार्वजनिक परिवहन की कमी है, जिससे यात्रियों को टैक्सी और निजी वाहनों पर निर्भर रहना होगा। एयरपोर्ट प्रबंधन ने महिंद्रा लॉजिस्टिक्स और रैपिडो के साथ साझेदारी की है।

यात्रियों के लिए नोएडा एयरपोर्ट की राह मुश्किल। (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन आज प्रधानमंत्री मोदी ने कर दिया है। हालांकि यहां यह जानना जरूरी है कि अभी यहां से फ्लाइट्स का संचालन शुरू नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, इस एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने में लगभग दो महीने लगेंगे। इसकी एक प्रमुख वजह है यहां की सिक्योरिटी और उचित कनेक्टिविटी का न होना है।
दरअसल, एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए फिलहाल कोई मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। ऐसे में शुरुआती कुछ समय तक यात्रियों को टैक्सी, बाइक टैक्सी और निजी वाहनों पर ही निर्भर रहना पड़ेगा।
एयरपोर्ट प्रबंधन कनेक्टिविटी के लिए उठा रहा ये कदम
एयरपोर्ट प्रबंधन ने इस कमी को कुछ हद तक पूरा करने के लिए महिंद्रा लॉजिस्टिक्स मोबिलिटी के साथ साझेदारी की थी, जिसके तहत इलेक्ट्रिक टैक्सियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
वहीं रैपिडो के जरिए बाइक टैक्सी और कैब सेवाएं भी 24 घंटे मिलेंगी। यात्रियों के लिए आगमन और प्रस्थान क्षेत्र में पिक-अप और ड्रॉप पॉइंट तय किए जाएंगे।
बस कनेक्टिविटी के लिए क्या योजना?
एयरपोर्ट लगभग 150 किलोमीटर के दायरे में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के 24 जिलों को कवर करेगा। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने मेरठ, अलीगढ़, आगरा और मथुरा समेत 17 जिलों से कनेक्टिविटी देने की योजना बनाई है, जिसे आगे गुरुग्राम और फरीदाबाद तक बढ़ाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की नई पहचान, राजकीय पक्षी 'सारस' बना लोगो; योगी सरकार का 'विकास के साथ विरासत' का संदेश
उत्तराखंड के लिए भी बस सेवा की तैयारी
फरवरी 2025 में एयरपोर्ट प्रबंधन ने उत्तराखंड परिवहन निगम के साथ समझौता किया था। इसके तहत देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और हल्द्वानी के लिए एसी बस सेवाएं शुरू करने की योजना है, जो उड़ान संचालन के साथ शुरू हो सकती हैं।
500 सिटी बसों की योजना अटकी
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण द्वारा संयुक्त रूप से 500 सिटी बसें चलाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन उच्च लागत, इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी और एसपीवी गठन में देरी के कारण यह प्रस्ताव फिलहाल अटका हुआ है।
एयरपोर्ट तक फिलहाल न तो मेट्रो कनेक्टिविटी है और न ही सीधी बस सेवा। एक्सप्रेसवे पर ऑटो-रिक्शा के प्रतिबंध के चलते यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। हालांकि संचालन से पहले सरकार इन कमियों को दूर करने की बात कह रही है।
बॉटैनिकल गार्डन से क्या है कनेक्टिविटी
यह समस्या बॉटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर साफ नजर आती है, जो ब्लू लाइन और एक्वा लाइन का प्रमुख इंटरचेंज है और एयरपोर्ट से करीब 65 किलोमीटर दूर है। इसके बावजूद यहां से जेवर के लिए कोई सीधी बस सेवा नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।