अब देर रात तक दौड़गी एक्वा लाइन मेट्रो, पीक आवर्स में हर 6 मिनट पर मिलेगी ट्रेन; जानें NMRC का नया शेड्यूल
एनएमआरसी ने बढ़ती राइडरशिप के कारण नोएडा मेट्रो की समय-सारणी में बदलाव किया है। अब अंतिम ट्रेन रात 11:25 बजे ...और पढ़ें

नोएडा मेट्रो के समय में किया गया बदलाव। फोटो: आर्काइव
HighLights
अंतिम मेट्रो अब रात 11:25 बजे तक चलेगी।
व्यस्त घंटों में हर छह मिनट पर मिलेगी ट्रेन।
बढ़ती यात्री संख्या के कारण एनएमआरसी का फैसला।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले दैनिक यात्रियों को रात 11 बजकर 25 मिनट तक ट्रेन मिलेगी। नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) ने बढ़ती राइडरशिप को लेकर यह बदलाव किया है।
इसके साथ ही सोमवार से शुक्रवार तक व्यस्त घंटों के दौरान ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाकर हर छह मिनट कर दी गई है।
देर शाम लौटने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत
पुरानी व्यवस्था और यात्रियों की समस्या पहले लागू व्यवस्था के अनुसार, एक्वा लाइन पर सुबह छह बजे से सेवाएं शुरू होती थीं और अंतिम ट्रेन रात 10 बजे ही रवाना हो जाती थी। इसके चलते दिल्ली-एनसीआर से देर शाम लौटने वाले नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी।
दिल्ली की ब्लू लाइन मेट्रो से सेक्टर-52 पहुंचने वाले यात्री अक्सर सेक्टर-51 एक्वा लाइन की अंतिम मेट्रो छूट जाने के कारण परेशान होते थे और उन्हें महंगे निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता था।
रात 10 बजे के बाद चार अतिरिक्त ट्रेनें
नया टाइम टेबल और अतिरिक्त फेरे नई समय-सारणी के तहत रात 10 बजे के बाद यात्रियों के लिए चार अतिरिक्त ट्रेनें उपलब्ध कराई गई हैं। अब रात 10 बजे के बाद क्रमशः 10:20, 10:40, 11:00 और अंतिम मेट्रो 11:25 बजे रवाना होगी।
व्यस्त घंटों में ट्रेनों के बीच का अंतराल घटकर छह मिनट रह गया है, जबकि शनिवार को पूरे दिन 10 मिनट और रविवार को 15-15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनों का संचालन पूर्ववत जारी रहेगा।
दैनिक यात्रियों की संख्या एक लाख पार
बढ़ती राइडरशिप के चलते सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा डिपो तक 21 स्टेशनों वाले इस रूट पर प्रतिदिन 13 ट्रेनों का नियमित संचालन होता है, जबकि एक ट्रेन स्टैंडबाय रखी जाती है। हाल के दिनों में इस कॉरिडोर पर दैनिक यात्रियों की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर गई थी।
यात्रियों की लगातार बढ़ती तादाद और देर रात तक कनेक्टिविटी की पुरानी मांग को ध्यान में रखकर एनएमआरसी ने यह निर्णय लेकर बदलाव किया है।
यह भी पढ़ें- नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे का नया शॉर्टकट, खत्म होगा 16 KM का चक्कर और जाम; जल्द खुलेगा नया लिंक रोड