विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैट्रिमोनियल साइट पर महिलाओं को फंसाकर करोड़ों ठगने वाला नाइजीरियाई ठग गिरफ्तार, नोएडा पुलिस ने किया पर्दाफाश

Published: Thu, 19 Mar 2026 04:40 PM (IST)

गौतम बुद्ध नगर साइबर क्राइम पुलिस ने मैट्रिमोनियल साइट्स पर महिलाओं को ठगने वाले एक नाइजीरियाई गिरोह का भंडाफोड़ किया ...और पढ़ें

HighLights

  1. नाइजीरियाई ठग मैट्रिमोनियल साइट पर महिलाओं को फंसाता था।

  2. कस्टम में फंसे सामान के बहाने लाखों रुपये ठगे।

  3. नोएडा में 1.8 करोड़ से अधिक की ठगी के मामले।

मुनीश शर्मा, नोएडा। साइबर क्राइम पुलिस ने मैट्रिमोनियल साइट्स पर प्रेमजाल रचकर महिलाओं से करोड़ों ठगने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। गिरोह के मुख्य सरगना को हरियाणा के फरीदाबाद से गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि आरोपी की पहचान 38 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक सैमुअल ओगुन उर्फ स्टेपनी डेरिक के रूप में हुई है। उसके पास से पुलिस ने 5 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, वाई-फाई राउटर, डोंगल, कई सिम कार्ड, 1800 नाइजीरियाई नायरा (विदेशी मुद्रा), दो अलग-अलग नामों के पासपोर्ट और ढेर सारे फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स पर शादी की तलाश में लगी महिलाओं को टारगेट करता था। वह अपनी असली पहचान छिपाकर खुद को बड़े बिजनेसमैन या विदेशी निवासी के रूप में पेश करता था। आकर्षक प्रोफाइल फोटोज लगाकर महिलाओं से दोस्ती करता और धीरे-धीरे प्रेम संबंध बनाकर उन्हें जाल में फंसा लेता था।

शादी का वादा करके वह बताता कि वह विदेश से अपना कारोबार समेटकर भारत आ रहा है। पीड़िताओं को नकली फ्लाइट टिकट भेजता और फिर दावा करता कि उसका सामान या पार्सल एयरपोर्ट के कस्टम में अटक गया है, जिसे छुड़ाने के लिए पैसे चाहिए। महिलाएं झांसे में आकर अलग-अलग बैंक खातों में लाखों-करोड़ों रुपये ट्रांसफर कर देती थीं।

इसके अलावा आरोपी फर्जी लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों से ठगी करता था। जांच में सामने आया कि नोएडा में उसके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं—एक में उसने एक महिला से लगभग 56 लाख रुपये और दूसरे में 1 करोड़ 26 लाख रुपये ठगे।

पुलिस को आशंका है कि देश के कई अन्य राज्यों में भी ऐसी वारदातें हुई हैं। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी उसके खिलाफ केस दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस आगे की जांच में गिरोह के अन्य सदस्यों और भारतीय सहयोगियों की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें- Exclusive: नोएडा में प्लॉट की नीलामी के नियम बदले, अब 30% EMD और 70% बैंक गारंटी देकर लगाएं बोली

यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट का इंतजार खत्म, 28 मार्च को PM मोदी करेंगे उद्घाटन; सीएम योगी का न्योता स्वीकार

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा के नगला पदम में बारात चढ़त के दौरान म्यूजिक सिस्टम कराया बंद, दूल्हे के रोने का वीडियो वायरल