Weather Forecast: दिसंबर में बढ़ती ठंड के बीच कैसे आ गई गर्मी, जानिए कब से गिरेगा पारा
रविवार को दिन की शुरूआत हल्के कोहरे के साथ हुई। सुबह 9 बजे तक कोहरा छाया रहा सर्द हवाएं भी चलती रही। जिससे घरों से बाहर निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद सूरज निकलने से मौसम साफ होता चला गया।
नोएडा, मोहम्मद बिलाल। जम्मू-कश्मीर में विकसित पश्चिमी विक्षोभ ने पहाड़ों राज्यों से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जा रही हवाओं पर रोक लगाई है। इससे ठंड पर असर पड़ा है। रविवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम दर्ज किया गया, तो अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया। हालांकि सोमवार से पारा फिर बढ़ने की संभावना है।
रविवार को दिन की शुरूआत हल्के कोहरे के साथ हुई। सुबह 9 बजे तक कोहरा छाया रहा, सर्द हवाएं भी चलती रही। जिससे घरों से बाहर निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद सूरज निकलने से मौसम साफ होता चला गया। धूप निकलने से लोगों ने कुछ राहत महसूस की। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के मुताबिक सोमवार को सुबह के समय कोहरे रहने से धुंध रह सकती है। दोपहर में सूरज निकलने के बाद मौसम साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान 5 व अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। उधर स्काइमेट वेदर के मौसम विज्ञानी के मुताबिक आगामी 24 घंटों के दौरान पहाड़ी इलाकों बारिश और हिमपात की संभावना है। इसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर की संभावना है।
मौसम सुहावना रहने से पार्कों व माल में जुटी भीड़
दोपहर में मौसम सुहावना रहने से लोगों परिवार के साथ पार्क में घूमने के लिए भी पहुंचे। इससे सेक्टर-95 स्थित दलित प्रेरणा स्थल में अच्छी खासी भीड़ देखी गई। वहीं युवा वर्ग के लोग मॉल व रेस्टोरेंट में दोस्तों संग चहलकदमी करते दिखे। हालांकि इस दौरान सभी के शरीर ठंड कपड़ों से ढंके नजर आए। कई लोगों ने अपने सर को भी ढक रखा था। ठंड से बचने के लिए सभी गर्म कपड़ों में दिखे।
एक्यूआइ बहुत खराब श्रेणी में पहुंचा
हवा में सूक्ष्म कणों की मात्रा एक बार फिर से बढ़ने लगी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक रविवार को नोएडा में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 333 व ग्रेटर नोएडा एक्यूआइ-346 दर्ज किया गया है। नोएडा की हवा लगातार दूसरे दिन बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की। वहीं हरियाणा स्थित फरीदाबाद में एक्यूआइ 294, गुरुग्राम में एक्यूआइ-262 के साथ खराब श्रेणी में रहा। गाजियाबाद में एक्यूआइ-346 के साथ बहुत खराब व दिल्ली में एक्यूआइ-321 के साथ बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। ऐसे में ग्रेटर नोएडा नोएडा एनसीआर का सबसे शहर रहा है। सफर के मुताबिक सतह पर चलने वाली हवा की रफ्तार थमने से प्रदूषक तत्व में बढ़ोतरी हुई है। 22 दिसंबर तक हवा बहुत खराब श्रेणी में बनी रह सकती है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो