यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Atta market: नोएडा की सेक्टर-18 मार्केट जाने से पहले पढ़ ले ये खबर, नहीं कर सकेंगे स्ट्रीट शॉपिंग; दुकानें हटी
नोएडा की सबसे व्यस्ततम बाजार अट्टा से अतिक्रमण को स्थायी रूप से हटाने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण के वर्क ...और पढ़ें

नोएडा, जागरण संवाददाता। दिल्ली-एनसीआर का कनॉट प्लेस नाम से मशहूर नोएडा की सेक्टर 18 मार्केट की दूसरी तरफ यानी सेक्टर 27 का अट्टा मार्केट स्ट्रीट शॉपिंग के लिए मशहूर है। वीकेंड पर अगर आप भी यहां शॉपिंग के लिए आने का सोच रहे हैं, तो आपके लिए एक जरूरी खबर है।
बुधवार के बाद अगर आप अट्टा मार्केट आएंगें तो बाजार खाली-खाली दिखेगी। अट्टा मार्केट में सड़क किनारे लगी रेहड़ी-पटरी की दुकानों में खरीदारी नहीं कर सकेंगे। न ही शॉपिंग के बाद अट्टा की लजीज स्ट्रीट फूड का लुत्फ उठा पाएंगे। क्योंकि नोएडा प्राधिकरण ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अट्टा मार्केट की 2.5 मीटर चौड़ा और 600 मीटर लंबा फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटा दिया है।
प्राधिकरण की कार्रवाई के खिलाफ दुकानदारों का विरोध
दादरी सूरजपुर छलेरा (डीएससी) रोड स्थित नोएडा की सबसे व्यस्ततम बाजार अट्टा से अतिक्रमण को स्थायी रूप से हटाने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल दो ने बुधवार कार्रवाई की। दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध भी किया गया, जिसमें ग्रामीणों के साथ किसान संगठन पदाधिकारी भी शामिल हुए। मौके पर अतिक्रमण की कार्रवाई को रोकने के लिए भरसक प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल के सामने उनकी एक न चली। कार्रवाई में रेहड़ी पटरी वालों का सामान भी जब्त किया गया।
.jpg)
बाजार संचालकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बता दें कि यह कोई कार्रवाई साधारण कार्रवाई नहीं है, बल्कि शासन के ओर से निर्देशित कराई है, जिसमें इस रास्ते से फुटपाथ बाजार को स्थायी रूप से हटाने का आदेश है। इसके लिए शीर्ष अधिकारियों ने वर्क सर्किल दो को पूरी तरह से दिशा निर्देशित कर दिया है। स्पष्ट कहा गया है कि अतिक्रमण को हटाने में बाधक बनने वाले बहुमंजिला बाजार संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए। जिस बाजार के बाहर फुटपाथ पर रेहड़ी पटरी लगी मिले, उसको अतिक्रमण का नोटिस जारी किया जाए।
जमीन पर कब्जा करने पर होगी सख्त कार्रवाई
प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि बाजार से अतिक्रमण हटाने के लिए शासन स्तर से कार्रवाई कराई जा रही है। स्पष्ट कहा गया है कि बाजार की पूरी पैमाइश कराई जाए। जरा सी भी जमीन पर कब्जा मिले तो उस बाजार संचालक पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो। यही नहीं सेक्टर-27 के लेआउट प्लान में नौ मीटर सर्विस रोड को भी तलाश करने को कहा गया है, क्योंकि सेक्टर-27 स्थित सब माल पर सेक्टर की नौ मीटर सर्विस रोड मौजूद है, लेकिन अट्टा बाजार से यह नौ मीटर मास्टर प्लान की सर्विस रोड कहां चली गई, कही बहुमंजिला बाजार को खड़ा करने में मास्टर प्लान का स्वरूप तो नहीं बिगाड़ दिया गया।
.jpg)
ऐसे में इस 600 मीटर रोड पर सर्विस रोड को नियोजन विभाग की लेआउट प्लान के जरिये तलाशा जा रहा है। इसके अलावा सड़क की ग्रीन बेल्ट पर जाने वाली एलिवेटेड ब्लू लाइन मेट्रो के पिलर के नजदीक कितनी दूरी के बाद बेसमेंट को तैयार किया जा सकता है। इस मानक को भी तलाश कर मुख्य कार्यपालक के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है, जिससे सुरक्षा मानकों को भी पूरा कराया जा सके।
नोएडा के सभी बाजारों में चलाई गई ड्राइव
वर्क सर्किल दो वरिष्ठ प्रबंधक विजय कुमार रावल ने बताया कि रेहड़ी पटरी बाजार को फुटपाथ पर बहुमंजिला बाजार संचालकों की ओर से संचालित कराया जा रहा है। इन्हीं की ओर से मोटी रकम वसूली जा रही है। फुटपाथ साफ कराने के दौरान यह तथ्य सामने आया है। इससे शीर्ष अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। डीएससी रोड से स्थायी रूप से अतिक्रमण साफ होगा, यह निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले बह्मपुत्र कांप्लेक्स में ड्राइव की गई थी। बाद में अट्टा बाजार में ड्राइव की गई। ये सिलसिला लगातार चलेगा। इसमें जेसीबी, डंपर और करीब 30 से ज्यादा प्राधिकरणकर्मी शामिल रहे।
