यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Greater Noida: कनपटी पर पिस्टल सटाकर बदमाशों ने लूटी कार, जीपीएस का पता लगते ही रास्ते में छोड़कर हुए फरार
Greater Noida हथियारों से लैस बदमाशों ने कैब चालक को बंधक बनाकर कार लूट ली। आरोप है कि लूटपाट का ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा, जागरण संवाददाता: रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र स्थित अंडरपास के समीप से तीन दिन पहले हथियारों से लैस बदमाशों ने कैब चालक को बंधक बनाकर कार लूट ली। आरोप है कि लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने चालक के साथ मारपीट की। कार लूटने के बाद बदमाश उसे सड़क पर फेंक कर फरार हो गए।
पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। घटना के बाद करीब दो घंटे तक दनकौर व रबूपुरा कोतवाली पुलिस घटना स्थल को लेकर सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में रबूपुरा कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दिल्ली के रहने वाले रंजीत कैब चालक है। करीब सात दिन पहले वह सवारी लेकर नोएडा से ग्रेटर नोएडा के लिए चले थे रास्ते में सवारी के रूप में सवार हुए बदमाशों ने उन को बंधक बना लिया। गन प्वाइंट पर कैब चालक से बदमाशों ने कार लूट ली। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी।
कार में जीपीएस लगा देख रास्ता में छोड़कर भागे
लूटपाट करने के बाद बदमाश चालक को रबूपुरा क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के समीप छोड़ कर फरार हो गए। कार में जीपीएस लगा हुआ था इस वजह से पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया खुद को घिरता देख बदमाश कार को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। घटना में शामिल बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। पुलिस का दावा है जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
पुलिस ने गाड़ी बरामद कर ली
डीसीपी ग्रेटर नोएडा अभिषेक वर्मा ने बताया कि थाना रबूपुरा पर मुकदमा पंजीकृत है। लूट से संबंधित गाड़ी बरामद की जा चुकी है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया जायेगा। सीमा विवाद का कोई मामला नहीं है। अन्य वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
