ग्रेटर नोएडा, जागरण संवाददाता। बीटा दो कोतवाली क्षेत्र के साइट फोर स्थित फैक्ट्री में बृहस्पतिवार सुबह आग लग गई। फैक्ट्री कर्मचारी फैक्ट्री में लगे फायर एक्सटिंग्विशर सिलेंडर से आग बुझाने में लग गए। तभी सिलेंडर फट गया। तीन कर्मचारी घायल हो गए।
सिलेंडर के प्रयोग का नहीं दिया गया प्रशिक्षण
घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कर्मचारियों को सिलेंडर का प्रयोग करने का प्रशिक्षण नहीं दिया गया था। प्रशिक्षण के अभाव में सिलेंडर सही तरीके से प्रयोग नहीं कर सके और हादसा हो गया। दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
साइट फोर में ओएमएफए की रबर फैक्ट्री है। फैक्ट्री में फैन बेल्ट व वी बेल्ट बनाने का काम होता है। बृहस्पतिवार सुबह फैक्ट्री के एक हिस्से में आग लग गई। कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर सिलेंडर की मदद से आग पर काबू करने की कोशिश की। तेज धमाके के साथ एक सिलेंडर फट गया।
चपेट में आने से तीन कर्मचारी जितेंद्र पांडेय, गंगाराम व इंद्रजीत घायल हो गए। तीनों वर्तमान में ग्रेटर नोएडा में किराए पर रह रहे थे। जितेंद्र मूल रूप से बिहार, गंगाराम मथुरा व इंद्रजीत प्रयागराज के रहने वाले है। घायलों को देखते पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और हादसे के बारे में जानकारी ली।
नहीं दिया जाता पर्याप्त प्रशिक्षण
फैक्ट्री में कार्य करने वाले कर्मचारियों को सिलेंडर उपयोग करने का पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं दिया जाता है। सिलेंडर का उपयोग करने के लिए विशेषज्ञ को रखने की जरूरत है, लेकिन वेतन बचाने के चक्कर में फैक्ट्री प्रबंधन विशेषज्ञ को रखने से बचते है। डाक्टरों ने बताया है कि घायल तीनों कर्मचारियों की हालत खतरे से बाहर है। दिनेश कुमार सिंह, एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Noida Crime: प्रॉपर्टी खरीद और वेबसाइट पर फर्जी मालिक बन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार