Coronavirus: नोएडा में कोरोना पॉजिटिव का चौथा मामला आया सामने, CMO ने की पुष्टि
Coronavirus नोएडा के सेक्टर-41 निवासी 26 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। मरीज चार दिन पूर्व इंडोनेशिया से पत्नी के साथ घूमकर आया था।
नोएडा [आशीष धामा]। नोएडा के सेक्टर-41 निवासी 26 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव (coronavirus positive) पाया गया है। मरीज चार दिन पहले ही इंडोनेशिया से पत्नी के साथ घूमकर आया था। देर रात रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद चिकित्सको ने उसे ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स में आइसोलेशन के लिए रखा है।
सीएमओ डॉ. अनुराग भार्गव का कहना है कि मरीज की पत्नी को भी आइसोलेशन पर रखा गया है। लौटने के समय सिर्फ युवक में ही लक्षण दिखाई दिए थे। अब पत्नी का भी सैंपल जांच के लिए भेज दिया है। सीएमओ ने बताया कि मरीज के घर और उसके आस-पास के घरों को सेनिटाइजेशन कराया गया है।
दो मरीजों में मंगलवार को हुई थी पुष्टि
इससे पहले गौतमबुद्ध नगर जिले में 17 मार्च तक 3 पॉजिटिव केस सामने आ चुके थे। मंगलवार को दो और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। ये दोनों मरीज सेक्टर 78 और सेक्टर 100 के रहने वाले हैं। दोनों ग्रेटर नोएडा के जिम्स में भर्ती हैं। दूसरा मामला 21 वर्षीय युवक के संक्रमित सहयोगी से वायरस की चपेट में आने का है। वह ग्रेटर नोएडा की उसी कंपनी में काम करता है, जिसका एक कर्मी पिछले दिनों पॉजिटिव पाया गया था।
1065 लोग निगरानी में
इसके अलावा विभाग 1400 लोगों की स्क्रीनिंग कर चुका है। इसके अलावा 1065 लोगों को निगरानी पर रखा है। अब तक 201 लोगों के सैंपल लिए गए, इनमें 4 पॉजिटिव है। 139 की रिपोर्ट निगेटिव आयी है और 59 कि रिपोर्ट आनी बाकी है।
बिना अनुमति के कर्मचारी नहीं जा सकेंगे विदेश
कार्यस्थलों पर कोरोना के संक्रमण से बचाव कंपनियों के लिए चुनौती है। अपने कर्मचारियों को संक्रमण की चपेट में आने से बचाने के लिए कंपनियां एडवाइजरी जारी कर रही हैं। कार्यालयों में सैनिटाइजर उपलब्ध कराने के साथ इसका उपयोग अनिवार्य रूप से करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों के देश-विदेश दौरे पर भी रोक लगा दी गई है।
नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने अपने कर्मचारियों को एडवाइजरी जारी करते हुए उनके देश से बाहर जाने व देश में दौरे पर भी रोक लगा दी है। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह केवल विभागाध्यक्ष या एचआर विभाग प्रमुख की अनुमति से ही यात्र कर सकेंगे। यात्र से लौटने पर उन्हें कम से कम 14 दिनों तक घर से ही कार्य करना होगा। इसके बाद उन्हें स्वस्थ होने का प्रमाण पत्र देने के बाद ही कार्यालय आने की अनुमति मिलेगी। फील्ड स्टाफ को छोड़कर कर्मचारियों को घर से कार्य करने की सलाह दी गई है, इसके साथ ही उन्हें कार्यालय में सैनिटाइजर, मास्क का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ताओं से जुड़े कार्यालयों को सैनिटाइज कराने के अलावा अन्य कार्यालय में सैनिटाइजर उपलब्ध कराया है। अन्य कंपनियों में भी कर्मचारियों को घर से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़कों पर वाहनों की संख्या कम हुई
आम दिनों में वाहनों से भरी रहने वाली सड़कें कोरोना की वजह से खाली नजर आ रही हैं। स्कूलों में कक्षाएं स्थगित होने, कर्मचारियों को घर से कार्य करने की कंपनियों के ओर से निर्देश दिए गए हैं। कोरोना के कारण लोग सैर सपाटे के लिए भर घर से बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं। इससे सड़कों पर वाहनों की भीड़भाड़ में काफी कमी आई है।
ये भी पढ़ेंः Coronavirus: नोएडा में दोनों मरीजों की सोसायटी में रहने वालों की होगी स्क्रीनिंग, 6 का लिया गया सैंपल
Coronavirus: विदेश से यात्रा कर नोएडा आए व्यक्ति का आरोप, RWA ने सेक्टर में रहने से किया मना