विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में PNG कनेक्शन वाली सोसायटियों में नहीं मिलेंगे LPG सिलिंडर, नोटिस के बाद हड़कंप

Published: Thu, 05 Nov 2026 10:45 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा में पीएनजी कनेक्शन वाली सोसायटियों में गैस सिलिंडर की सप्लाई पर रोक के नोटिस से निवासियों की चिंता ...और पढ़ें

पीएनजी सिलिंडर वाली सोसायटियों में अब नहीं मिलेगा एलपीजी सिलिंडर। फोटो: आर्काइव

पीएनजी सिलिंडर वाली सोसायटियों में अब नहीं मिलेगा एलपीजी सिलिंडर। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. पीएनजी सोसायटियों में सिलिंडर सप्लाई पर रोक, निवासियों की चिंता बढ़ी।

  2. त्योहारों के बीच किरायेदारों, बिना कनेक्शन वालों को खाना बनाने में समस्या।

  3. सुरक्षा कारणों से फैसला, पीएनजी कनेक्शन प्रक्रिया होगी सरल, शिविर लगेंगे।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। जिले में पीएनजी कनेक्शन वाली सोसायटियों में गैस सिलिंडर की सप्लाई नहीं होने के जिला पूर्ति विभाग के नोटिस ने सोसायटी में रहने वाले लोगों की चिंता को बढ़ा दिया है।

एक तरफ जहां निवासियों ने सुरक्षा के लिहाज से इस फैसले का स्वागत किया है, वहीं दूसरी तरफ सोसायटियों में रहने वाले बिना कनेक्शन वाले निवासी संग किरायेदारों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है।

लोगों का कहना है कि त्योहारों के बीच में इस तरह का नोटिस जारी कर विभाग ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। सोसायटी के लोगों का कहना है कि पीएनजी कनेक्शन लेना आसान नहीं है।

आवेदन से लेकर कनेक्शन मिलने तक तीन से चार महीने का समय लग जाता है। सोसायटियों में बड़ी संख्या में किरायेदार रहते हैं, जिन्हें जल्दी पीएनजी कनेक्शन नहीं मिल पाता।

ऐसे लोग पूरी तरह गैस सिलिंडर पर निर्भर हैं। अब अचानक रोक लगने से उनके सामने खाना बनाने तक का संकट खड़ा हो जाएगा।

त्योहारों में सिलिंडर की जरूरत, रोक पर आपत्ति

निवासियों का कहना है कि दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान घरों में मेहमान आते हैं और ज्यादा खाना बनता है। ऐसे में सिलिंडर ही एकमात्र सहारा था।

विभाग को त्योहारों के बाद तक आदेश में थोड़ी ढिलाई बरतनी चाहिए थी। त्योहार खत्म होने के बाद लोग धीरे-धीरे पीएनजी कनेक्शन ले लेते। वहीं, फैसले का समर्थन करने वाले निवासियों का तर्क है कि पीएनजी वाली सोसायटियों में सिलिंडर रखना खतरनाक है।

कई बार सिलिंडर से लीकेज और आग की घटनाएं हो चुकी हैं। इससे पूरी बिल्डिंग की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। इसलिए रोक जरूरी है। सोसायटी के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने भी विभाग से मांग की है कि किरायेदारों के लिए पीएनजी कनेक्शन की प्रक्रिया को तेज और सरल किया जाए।

विभाग का तर्क है कि पीएनजी उपलब्ध होने के बाद सिलिंडर का इस्तेमाल नियम विरुद्ध है।

कनेक्शन के लिए शिविर लगाने की मांग

त्योहारों के समय विभाग ने पीएनजी कनेक्शन वाली सोसायटियों में सिलिंडर की आपूर्ति न होने के नोटिस जारी किया है। जिसने निवासियों की चिंता को बढ़ा दिया है। 50 प्रतिशत लोगों के पास कनेक्शन नहीं है।
-अमित उपाध्याय
सोसायटियों में किरायेदार भी निवास करते हैं। जिन्हें कनेक्शन लेने में थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नोटिस मिलने के बाद ऐसे लोगों की चिंता बढ़ गई है। सोसायटियों में शिविर आयोजित कर कनेक्शन दिए जाए।
-सिमरन खत्री
सिलिंडर की आपूर्ति पर अभी कोई रोक नहीं लगाई गई है। केवल नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही यदि कनेक्शन लेने में कोई समस्या आ रही है तो वह विभाग आकर संपर्क कर सकता है। इसको लेकर आईजीएल के साथ कल बैठक भी है। जिसमें निवासियों के साथ किरायेदारों को सरल व तेजी से कनेक्शन मिले, इस पर चर्चा की जाएगी। सोसायटियों में कनेक्शन के लिए शिविर भी आयोजित कराए जाएंगे।
-निलेश उप्पल, जिला पूर्ति अधिकारी गौतमबुद्ध नगर

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा के किसान चौक पर जाम से मिली मुक्ति, गौड़ चौक अंडरपास का ट्रायल शुरू; लाखों लोगों को राहत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।